मुलताई /पट्टन। आज शाम 5:30 बजे कलेक्टर श्री राकेश सिंह एवं पुलिस अधीक्षक श्री डीएस भदौरिया ने बुधवार को प्रभातपट्टन विकासखण्ड के ग्राम खेड़ीरामोसी में घोषित किए गए कंटेन्मेंट एरिया की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। साथ ही अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
कलेक्टर एवं एसपी प्रभातपट्टन में बनाए गए कोविड केयर सेंटर भी पहुंचे, जहां की व्यवस्थाओं के संबंध में अधिकारियों से जानकारी ली। उन्होंने बाहर से आ रहे व्यक्तियों की स्क्रीनिंग व्यवस्था के संबंध में भी अधिकारियों से जानकारियां ली एवं आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। कलेक्टर श्री राकेश सिंह एवं पुलिस अधीक्षक श्री डीएस भदौरिया द्वारा जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में कोरोना संक्रमण से प्रभावित कंटेन्मेंट क्षेत्रों में सतत् निगरानी के लिए अभिनव प्रयोग किया गया है। अब कंटेन्मेंट क्षेत्रों वाले गांवों में कोरोना वायरस निगरानी समिति निरंतर गश्त कर लोगों का आवागमन रोकेगी एवं सोशल डिस्टेंसिंग व अन्य सुरक्षात्मक उपाय सुनिश्चित करेगी।
इन समितियों में ग्राम पंचायत क्षेत्र के सरपंच, वहां पदस्थ कर्मचारी, ग्राम कोटवार एवं ग्राम सुरक्षा समिति के सदस्य शामिल किए गए हैं। समितियों ने कंटेन्मेंट क्षेत्रों में कार्य करना भी प्रारंभ कर दिया है। ग्राम रक्षा समिति के सदस्यों की आठ-आठ घंटे की ड्यूटी लगाई गई है। तयशुदा ड्यूटी अनुसार सदस्य दिन-रात गांव में कोरोना से सुरक्षात्मक उपाय के लिए सेवाएं दे रहे हैं।

