बैतूल | वर्तमान में कोविड-19 संक्रमण से उत्पन्न परिस्थितियों में विभिन्न कारणों से बाहर गये लोग देशव्यापी लॉकडाउन के चलते मजदूर बाहर से अपने गृहग्रामों में लौट आए हैं। इन श्रमिकों को एवं ग्राम में निवासरत अन्य श्रमिकों को मनरेगा अंतर्गत जॉबकार्ड देकर रोजगार में नियोजन किए जाने के उद्देश्य से पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग भोपाल द्वारा श्रमसिद्धि अभियान संचालित किया जा रहा है।
इस अभियान के माध्यम से उन परिवारों तक पहुंचना है, जिन्हें अब तक जॉबकार्ड नहीं मिले हैं अथवा जॉबकार्ड अकार्यशील हो गये हैं। श्रम सिद्धि अभियान डोर-टू-डोर सर्वे के माध्यम से चलाया जाएगा।
श्रम सिद्धि अभियान का उद्देश्य -
कलेक्टर श्री राकेश सिंह ने बताया कि जिले में श्रम सिद्धि अभियान के तहत मनरेगा से विभिन्न निर्माण कार्य संचालित किए जा रहे हैं। अभियान के तहत मुख्य रूप से डोर-टू-डोर सर्वे कर प्रदेश में प्रवास से वापस आए मजदूरों व कार्य करने के इच्छुक अन्य मजदूरों का पता लगाना है। अभियान के तहत मजदूरों को कार्य की आवश्यकता का आकलन किया जाकर जिन मजदूरों के पास जॉब कार्ड नहीं है, उनके जॉब कार्ड हेतु आवेदन प्राप्त कर जॉब कार्ड बनाए जा रहे हैं। ऐसे मजदूर जिनके पास पूर्व में जॉब कार्ड थे, लेकिन उनके पलायन या अन्य किसी कार्य से अकार्यशील होने पर उनके जॉब कार्ड पुन: बनाए जा रहे हैं। श्रमिकों को मनरेगा अंतर्गत कार्य के अधिकार की जानकारी दी जा रही है। मजदूरों को मनरेगा के प्रावधानों से अवगत कराकर ग्राम में खोले गए कामों की जानकारी दी जा रही है। श्रमिक को मजदूरी की दर, व्यक्तिमूलक, सामुदायिक कार्यों के बारे में विस्तार से बताया जा रहा है।
अभियान के तहत श्रमिक की मांग के अनुसार उसे काम उपलब्ध कराया जा रहा है। यह भी देखा जा रहा है कि कोई भी मजदूर जिसे काम की आवश्यकता हो, वह कार्य से वंचित न रहे। प्रवास से वापस लौटे मजदूरों, स्व सहायता समूह के सदस्यों के परिवारों, वनाधिकार पट्टाधारी परिवारों, वल्नरेबल तथा वंचित वर्ग के परिवारों को जॉबकार्ड उपलब्ध कराकर तथा मांग अनुसार रोजगार उपलब्ध कराया जाए। जॉब कार्ड व अन्य दस्तावेज मजूदर के ही पास रहें, वे किसी भी स्थिति में अन्य व्यक्ति या पदाधिकारी के पास न रहे। जॉबकार्ड अन्य व्यक्ति/पदाधिकारी के पास पाए जाने पर उसके विरूद्ध मनरेगा अधिनियम के प्रावधानों तथा अन्य संगत प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जाएगी। साथ ही श्रमिकों के बैंक खाते खुलवाए जाने संबंधी समस्याओं का निराकरण करवाकर उनके बैंक खाते खुलवाए जा रहे हैं।
कलेक्टर एवं जिला कार्यक्रम समन्वयक मनरेगा स्वयं इस कार्य के मिशन लीडर होंगे। मुख्य कार्यपालन अधिकारी एवं अतिरिक्त जिला कार्यक्रम समन्वयक मनरेगा इस कार्य में संबंधित जिले के सहायक मिशन लीडर होंगे एवं जिला परियोजना अधिकारी, मनरेगा जिला स्तर पर कार्यक्रम का संचालन करेंगे।
जनपद पंचायत स्तर पर अनुविभागीय राजस्व अधिकारी मिशन लीडर, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत सहायक मिशन लीडर, अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारी मनरेगा कार्यक्रम संचालक होंगे।
ग्राम पंचायत स्तर पर ग्राम पंचायत सचिव, ग्राम रोजगार सहायक, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, अन्य अमला जिसे अनुविभागीय राजस्व अधिकारी उचित समझे, राज्य आजीविका मिशन से संबंधित अमला जो कि यह सुनिश्चित करेगा कि स्व सहायता समूह का कोई पात्र सदस्य जॉबकार्ड से वंचित न रहे।
श्रम सिद्धि अभियान के संचालन के लिए जिला, जनपद एवं ग्राम स्तर पर टीमों का गठन भी किया गया है।
