ट्रंप के विरोध में उतरे पूर्व अमेरिकी सेना प्रमुख कॉलिन पॉवेल, कहा- अब मैं बाइडेन को वोट दूंगा
जॉर्ज फ्लॉयड (George Floyd Death) की पुलिस कस्टडी में हुई हत्या के बाद जारी प्रोटेस्ट (US Protest) से निपटने के मामले में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) लगातार सवालों के घेरे में हैं. यहां तक कि पूर्व अमरीकी विदेश मंत्री और सेना प्रमुख कॉलिन पॉवेल (Colin Powell) भी अब ट्रंप के
विरोध में खुलकर सामने आ गए हैं.

- Last Updated:June 8, 2020, 10:29 AM IST
CNN से बातचीत में पॉवेल ने कहा कि वो नवंबर में होने वाले चुनावों में डेमोक्रेटिक उम्मीदवार जो बाइडेन को वोट देंगे. पॉवेल ने कहा, 'हमारा एक संविधान है. और हमें उस संविधान का पालन करना होता है, और राष्ट्रपति उससे दूर हो चुके हैं.' राष्ट्रपति ट्रंप की ओर इशारा करते हुए रिटायर्ड फ़ोर स्टार जनरल ने कहा, 'वो चीज़ों के बारे में झूठ बोलते हैं, और वो इससे दूर हो गए हैं क्योंकि लोग उन्हें जवाबदेह नहीं ठहराएंगे.' पॉवेल ने कहा, 'मैं निश्चित रूप से किसी भी हालत में इस साल राष्ट्रपति ट्रंप का समर्थन नहीं करने जा रहा हूं. सामाजिक और राजनीतिक मामलों में मैं जो बाइडेन के बेहद क़रीब हूं. मैंने उनके साथ 35-40 सालों तक कम किया है. और अब वो उम्मीदवार हैं और मैं उनके लिए वोट करूंगा.' बता दें कि पॉवेल इकलौते अफ़्रीकी-अमरीकी हैं जो अमरीकी सेना के सर्वोच्च पद (चेयरमैन, जॉइंट चीफ़्स ऑफ़ स्टाफ़) पर रहे हैं.
