-----------------------------
खम्भारा चेक पोस्ट पर जिले में प्रवेश करने वालों की पंजीयन व्यवस्था का निरीक्षण किया
----------------------------
नर्मदापुरम् संभाग के आयुक्त श्री रजनीश श्रीवास्तव एवं कलेक्टर श्री अमनबीर सिंह बैंस ने सोमवार को जिले के मुलताई के सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में स्वास्थ्य एवं उपचार व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने यहां फीवर क्लीनिक एवं कोविड कंट्रोल रूम का भी निरीक्षण किया। कोविड कंट्रोल रूम के माध्यम से संक्रमितों के संबंध में ली जा रही जानकारी की व्यवस्था भी उन्होंने देखी। इसके अलावा सेम्पलिंग व्यवस्था के संबंध में भी पड़ताल की। उन्होंने यहां कोरोना संक्रमण से प्रभावित भर्ती मरीजों की उपचार व्यवस्था की भी जानकारी ली।
संभागायुक्त एवं कलेक्टर महाराष्ट्र की सीमा पर नागपुर रोड स्थित खम्भारा चेक पोस्ट भी पहुंचे, जहां उन्होंने महाराष्ट्र से आ रहे लोगों की जानकारी दर्ज करने की व्यवस्था का निरीक्षण किया। साथ ही कहा कि जो लोग यहां से जिले में प्रवेश कर रहे हैं, उनके संबंधित निवास स्थानों पर भी उनके क्वारेंटाइन होने की जानकारी से संबंधित अमला अपडेट रहे।

