प्रतिबंध के बावजूद लोग शादियाें में भीड़ इकट्ठी करने से बाज नहीं आ रहे। ऐसा ही मामला भिंड के ऊमरी क्षेत्र में सामने आया। यहां मेहमान शादी में शामिल होने आए थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें ‘मेंढक’ बना दिया यानि सजा के तौर पर बीच सड़क पर मेंढक चाल में चलवाया। पुलिस ने दूल्हे समेत टैंट मालिक पर एफआईआर दर्ज की है।
मामला ऊमरी कस्बे के सरकारी हॉस्पिटल के पीछे का है। यहां स्थित आदिम जाति कल्याण विभाग के छात्रावास में बुधवार को शादी समारोह का आयोजन चल रहा था। दूल्हे की लगुन फलदान उत्सव का आयोजन दोपहर में होने जा रहा था। समारोह के लिए करीब 500 से ज्यादा लोगों को बुलावा भेजा था। जब पुलिस मौके पर पहुंची, तो करीब 200 से ज्यादा लोग मौजूद थे। पुलिस को देखकर कई लाेग मौके से भाग निकले, तो कइयों को पुलिस ने घेराबंदी करके पकड़ लिया। इस दौरान पुलिस ने दूल्हा पक्ष के लोगों को फटकार लगाई।
दूल्हे को बनाया आरोपी
बारात की तैयारी करके समारोह में भाग लेने आए मेहमानों से मेंढक चाल चलवाने की सजा दी गई। इस दौरान कई युवकों से कान पकड़कर उठक-बैठक लगवाई। यहां पुलिस ने 250 से अधिक लोगों का भोजन फिंकवाया। पुलिस का कहना है, आयोजक व दूल्हा मुकेश (25) पुत्र अखिलेश जाटव निवासी सुन्दरपुरा और टैंट संचालक राजेंद्र जाटव निवासी मुचाईपुरा के खिलाफ FIR दर्ज कर ली। ट्रैक्टर-ट्रॉली मालिक पर भी कार्रवाई की गई।

