Athner news । कोविड महामारी से बचाव के लिए लगाए जा रहे टीके के बाद बुखार आने पर एक महिला स्वास्थ्य कर्मचारी और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी देने और अभद्रता किए जाने का मामला सामने आया है। इस संबंध में स्वास्थ्य कर्मचारियों ने तहसीलदार और टीआई को ज्ञापन सौंपा है।
साथी कर्मचारी के साथ अभद्र व्यवहार से नाराज ब्लॉक के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के कर्मचारियों ने सोमवार को तहसीलदार और टीआई को ज्ञापन सौंपकर दोषी पर कठोर कार्रवाई की मांग की है। ज्ञापन में कहा गया है कि रजोला ग्राम के ग्रामीण मांगलया पिता मोतीराम को कोविड महामारी से बचाव के लिए 14 सितंबर को टीका लगाया था। इसके बाद उसे हल्का बुखार आया था। इसी बात को लेकर ग्रामीण ने 8 अक्टूबर को गांव की महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ता एएनएम श्यामवती राने को अभद्र शब्दों का इस्तेमाल करके जान से मारने की धमकी दी और परिवार को भी धमकी दी है। इससे कर्मचारी और परिजन भयभीत हैं।
स्वास्थ्य कर्मचारी संगठन के बीईई आरसी आमरे, हरिशंकर इरपाचे, विजय गीते, मंगला कुबड़े, नीतू सूरजाये, कांता हुरमाड़े, इमला इरपाचे, रिषभ चौबितकर सहित गांव की आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, आशा कार्यकर्ताओं ने थाना और तहसील ऑफिस पहुंचकर दोषी पर कठोर कार्रवाई की मांग की है। सीएमएचओ को भी घटना से अवगत कराया है। स्वास्थ्य कर्मचारियों ने कहा कि अगर दोषी पर कार्रवाई नहीं की तो मैदानी अमले के कर्मचारियों को शासन की योजनाओं और कार्यक्रमों के क्रियान्वयन में परेशानी आएगी।