आमला में दिनदहाड़े हुई सनसनीखेज चोरी की वारदात का पुलिस ने सफल खुलासा करते हुए दो अंतरजिला शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 18 से 20 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार 26 मई 2026 को बोड़खी नाका निवासी दम्मूलाल सूर्यवंशी के सूने मकान का ताला तोड़कर बदमाश करीब 5 लाख रुपये नकद और कीमती आभूषण चोरी कर ले गए थे।
पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र कुमार जैन के निर्देशन में गठित विशेष टीम ने वैज्ञानिक साक्ष्यों, डॉग स्क्वाड, साइबर तकनीक और मुखबिर सूचना के आधार पर जितेंद्र उर्फ मंझले विश्वकर्मा (नरसिंहपुर) तथा सुरेंद्र उर्फ विक्की ठाकुर (सिवनी) को गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों ने वारदात कबूल कर ली। आरोपियों ने बताया कि वे सूने मकानों की तलाश कर कुछ ही मिनटों में चोरी कर फरार हो जाते थे।
पुलिस ने आरोपियों से सोने के हार, रानीहार, चैन, मंगलसूत्र, कंगन, झुमके, चांदी के आभूषण, लक्ष्मी अंकित चांदी के सिक्के सहित बड़ी मात्रा में जेवर और एक मोटरसाइकिल जब्त की है। दोनों के खिलाफ विभिन्न जिलों में चोरी, नकबजनी, लूट और अन्य गंभीर अपराध दर्ज हैं। पुलिस ने प्रकरण में धारा 111 बीएनएस भी बढ़ाई है और गिरोह से जुड़े अन्य मामलों की जांच जारी है।
# Hamdard News # Amla ,Multai


