बैतूल। जिले में लगातार कोरोना का कहर देखने को मिल रहा है। मुम्बई से लौटे प्रवासियों की वजह से घोड़ाडोंगरी विकासखण्ड में कोरोना का संक्रमण तेजी से बढ़ता जा रहा है।
आज शनिवार को दोपहर स्वास्थ्य विभाग को प्राप्त रिपोर्ट में घोड़ाडोंगरी विकासखण्ड में 3 नए कोरोना पॉजिटिव केस पाए गए हैं। एसडीएम हरसिमरन प्रीत कौर द्वारा इस संबंध में पुष्टि की है। इन तीन पॉजिटिव मामलों के साथ घोड़ाडोंगरी विकासखण्ड में कोरोना से संक्रमितों का आंकड़ा 10 पर पहुंच गया है।
जबकि बैतूल जिले में अब संक्रमित हुए व्यक्तियों की संख्या 16 है, जिसमें भैंसदेही निवासी ठीक हो चुका मरीज भी शािमल है। वर्तमान में एक्टिव मामलों की कुल संख्या 15 है।
आज सामने आए तीन पॉजिटिव व्यक्तियों में सीवनपाट में कल पॉजिटिव पाई गई महिला का 35 वर्षीय पिता और उसकी 5 वर्षीय पुत्री शामिल हैं। इसके अलावा शोभापुर निवासी एक 30 वर्षीय महिला भी पॉजिटिव पाई गई है। यह तीनों ही मुंबई से बुधवार को लौटे सीवनपाट ग्रुप के सदस्य हैं। इन्हें घोड़ाडोंगरी पहुंचते ही स्वास्थ्य विभाग द्वारा संस्थागत क्वारंटीन कर लिया गया था इसीलिए वे अभी क्वारंटीन सेंटर में ही है। उन्हें यहां से कोविड वार्ड मेें शिफ्ट करने की तैयारी स्वास्थ्य विभाग द्वारा की जा रही है।

