हरियाणा में अनलॉक-1 का 11वां दिन है। प्रदेशभर में मरीजों की संख्या बढ़ रही है लेकिन बाजार व व्यापारिक प्रतिष्ठान लगभग खुल गए हैं। लोग सोशल डिस्टेंसिंग, मास्क लगाने में अभी भी लापरवाही कर रहे है। जगह-जगह पुलिस द्वारा चालान किए जा रहे हैं। गुड़गांव और फरीदाबाद कुल मरीजों के आंकड़ों में आगे चल रहे हैं। फरीदाबाद में अब तक 18 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं फरीदाबाद में अब प्लाज्मा थैरपी से इलाज शुरू कर दिया है। ठीक हो चुके एक शख्सका प्लाज्मा कोरोना संक्रमित मरीज को दिया गया है।ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज एक वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक करीब 6 और मरीजों को प्लाजा देने की तैयारी है।
स्वास्थ्य विभाग अब फरीदाबाद में रिकवरी कर चुके कोरोना मरीजों की सूची तैयार कर रहा है। उनसे संपर्क किया जा रहा है, जो लोग अब प्लाज्मा देने को तैयार है, उनके प्लाज्मा से संक्रमित मरीजों को ठीक करने का प्रयास किया जाएगा। ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज के डॉक्टर निखिल वर्मा का कहना है कि भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) की ओर से मेडिकल कॉलेज में प्लाज्मा थेरेपी के माध्यम से उपचार शुरू करने की स्वीकृति मिल गई है। गुरुग्राम के 37 वर्षीय संक्रमित मरीज को 200-200 एमएल का दो डोज दिया जा चुका है। पहला डोज सोमवार को कोरोना संक्रमित मरीज को दिया गया था। दूसरा डोज मंगलवार को दिया गया था। कुछ अन्य मरीजों को भी इसी तरह डोज दी जाएगी।
ये होती है प्लाज्मा थैरपी
कोरोना वायरस से ठीक हो चुके मरीज के खून से प्लाज्मा निकाला जाता है। उस प्लाज्मा को संक्रमित मरीज को चढ़ाया जाता है। इस थैरपी के कोरोना वायरस के केस में अच्छे परिणाम मिल रहे हैं। ऐसा माना जाता है कि जिस ठीक मरीज के शरीर से प्लाज्मा निकाला जाता है। उसके शरीर ने कोरोना के खिलाफ एंटीबॉडी बनाने शुरू कर दिए थे, जब उसके प्लाज्मा को संक्रमित मरीज के शरीर में चढ़ाया जाता है तो उससे उसे भी कोरोना से लड़ने में सहायता मिलती है।
हरियाणा में अभी तक हो चुकी है 52 मरीजों की कोरोना से मौत
हरियाणा में अभी तक 52 मरीजों की कोरोना से मौत हो चुकी है। सबसे ज्यादा 18 फरीदाबाद में, 13 गुड़गांव में, 5 सोनीपत में, 4 पानीपत में, 3 जींद में, 3 रोहतक में, 2 अम्बाला में, 2 करनाल में, 1 हिसार में, 1 चरखी दादरी में मौत हो चुकी हैं।
ये है प्रदेश की स्थिति
- फिलहाल प्रदेश में यूएसए से लौटे 21 लोगों, 14 इटली नागिरकों व 133 जमातियों को मिलाकर संक्रमितों का आंकड़ा 5579 पर पहुंच गया है। इनमें सबसे ज्यादा गुड़गांवमें 2546, फरीदाबाद में 855, सोनीपत में 502, रोहतक में 228, पलवल में 142, झज्जर में 112, अंबाला में 111, करनाल में 108, नारनौल में 106, नूंह में 104, हिसार में 102, पानीपत में 86, भिवानी में 82, रेवाड़ी व जींद में 65-65, कुरुक्षेत्र में 60, सिरसा में 58, फतेहाबाद में 51, कैथल में 46, पंचकूला में 43, चरखी-दादरी में 45 तथा यमुनानगर में 27 संक्रमित मिले हैं।
- वहीं 14 इटली नागरिकों सहित कोरोना को मात देने वालों का आंकड़ा 2188 हो गया है। इनमें गुड़गांवमें 824, फरीदाबाद में 306, सोनीपत में 208, झज्जर में 99, रोहतक में 84, नूंह में 78, पानीपत व पलवल में 57-57, अंबाला में 53, हिसार में 52, करनाल में 47, नारनौल में 73, पंचकूला व जींद में 26-26, कुरुक्षेत्र में 34, भिवानी में 33, सिरसा में 39, कैथल में 28, रेवाड़ी में 12, यमुनानगर में 9, फतेहाबाद में 17 तथा चरखी-दादरी में 7 मरीज ठीक होकर घर लौट चुका है।
आज की ताज़ा ख़बरें पढ़ने के लिए दैनिक भास्कर ऍप डाउनलोड करें
