सागर में रविवार को 6 और नए केस मिले। वहीं नागपुर में मिले एक कोरोना पॉजिटिव को भी बीएमसी में भर्ती किया गया है, जिसके बाद सागर में कोरोना पॉजिटिव मरीजों का आंकड़ा 291 पर पहुंच गया है। रहली के पटना ककरी निवासी 55 वर्षीय बैंक अफसर अपने बेटे और रिश्तेदार के साथ नागपुर इलाज कराने गए थे। जहां उनकी अन्य जांचों के साथ कोरोना की सैंपलिंग भी गई। जो कि शुक्रवार को पॉजिटिव निकली।
जैसे ही उन्हें कोरोना पॉजिटिव होने की बात पता चली, वे अस्पताल से भाग निकले। जिसके बाद नागपुर प्रशासन ने भोपाल में मरीज के भागने की जानकारी दी और फिर यह जानकारी सागर के स्वास्थ्य विभाग को दी गई। जानकारी मिलने के बाद जब रहली की टीम ने पॉजिटिव से मोबाइल पर बात की तो पता चला कि पॉजिटिव खुद की गाड़ी से रहली लौट रहे हैं और जब बात हुई तब वे छिंदवाड़ा में थे। जिसके बाद उन्होंने टीम से सीधे बीएमसी पहुंचने का वादा किया। लेकिन शनिवार रात वे बीएमसी न पहुंचकर पहले रहली गए। रविवार सुबह अपने बेटे की बाइक पर बैठकर पहले रहली के बाजार में घूमे। अपने काम निपटाए और फिर बाइक पर ही बीएमसी पहुंचे। जहां उन्हें भर्ती किया गया है। विभाग से मिली जानकारी के अनुसार पॉजिटिव मरीज के घर को कंटेनमेंट एरिया बना दिया गया है। वहीं परिवार के 13 लोगों की सैंपलिंग की गई है।
वहीं कॉन्टेक्ट में आए 43 लोग भी चिंहित हुए हैं। रविवार को पॉजिटिव मिले मरीजों में एक गढ़ाकोटा के सरकारी अस्पताल के एक्स-रे तकनीशियन हैं और दूसरी फार्मासिस्ट की पत्नी हैं। इसके अलावा यादव कॉलोनी, बीना रिफाइनरी, रामपुरा और मोतीनगर वार्ड में एक-एक पॉजिटिव मरीज मिले हैं। बीएमसी से दो मरीज डिस्चार्ज किए गए। इनमें एक इतवारी टौरी और दूसरे भगत सिंह वार्ड निवासी हैं। दोनों को 14 दिन तक होम क्वारेंटाइन रहने के निर्देश दिए गए हैं।
यादव कॉलोनी निवासी निजी विश्वविद्यालय का पदाधिकारी पॉजिटिव
यादव कॉलोनी निवासी 51 वर्षीय पॉजिटिव मिले हैं। यह एक निजी विवि में पदाधिकारी हैं। बताया जा रहा है कि विश्वविद्यालय ने अपना भवन जिला प्रशासन को क्वारेंटाइन सेंटर बनाने के लिए दिया, ऐसे में विश्वविद्यालय आते-जाते समय संक्रमण की आंशका जताई जा रही है। अब एहतियाद के तौर पर परिवार की भी जांच की जाएगी। यह बीएमसी में भर्ती नहीं हुए, बिना रैफर किए भोपाल चले गए।
बीना के एक होटल में क्वारेंटाइन किए मजदूरों में से एक पॉजिटिव
बीना में कुरवाई रोड स्थित एक होटल में क्वारेंटाइन किए गए रिफाइनरी में काम करने आए मजदूरों में से एक मजदूर पॉजिटिव पाया गया है। बताया जा रहा है कि होटल में करीब 60 मजदूर क्वारेंटाइन है। सूचना पर एसडीएम अमृता गर्ग पुलिस विभाग एवं स्वास्थ्य विभाग के साथ मौके पर पहुंची और होटल का जायजा लिया। देर रात होटल काे सैनिटाइज किया गया। इसके अलावा मकरोनिया सागर स्टेट कॉलोनी निवासी 45 वर्षीय पुरुष कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। ये गढ़ाकोटा के शासकीय अस्पताल में एक्स-रे ऑपरेटर हैं। वहीं गढ़ाकोटा के सरकारी अस्पताल में पदस्थ एक फार्मासिस्ट की 39 वर्षीय पत्नी भी कोरोना पॉजिटिव निकलीं हैं। इन दोनों को संक्रमित करने वाले सोर्स की फिलहाल पुष्टि नहीं हो सकी। वहीं रामपुरा वार्ड निवासी 52 वर्षीय महिला भी कोरोना पॉजिटिव हुई हैं। ये पोस्ट ऑफिस एजेंट का काम करती हैं। इनके अलावा मोतीनगर वार्ड निवासी 32 वर्षीय युवक भी पॉजिटिव मिले हैं। इन तीनों के भी संक्रमण का सोर्स अब तक पता नहीं चला है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
