ऑनलाइन विशेष लोक अदालत में 83 प्रकरणों का निराकरण एवं 86 लाख से अधिक राशि की राशि के अवार्ड पारित
बैतूल | जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा 04 जुलाई शनिवार को ऑनलाइन विशेष लोक अदालत आयोजित की गई। लोक अदालत के आयोजन में कोविड-19 महामारी के संक्रमण को देखते हुए सोशल डिस्टेंसिंग व कोरोना काल में समस्त मापदण्डों का पालन करते हुए पहली बार ऑनलाइन वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से विशेष लोक अदालत आयोजित की गई।
प्राधिकरण के सचिव श्री मनोज कुमार मण्डलोई ने बताया कि उक्त ऑनलाइन विशेष लोक अदालत हेतु बैतूल तथा समस्त तहसील मुलताई, भैंसदेही तथा आमला में भी ऑनलाइन विशेष लोक अदालत आयोजित की गई। इन विशेष लोक अदालतों में कुल आठ खण्डपीठों का गठन किया गया। लोक अदालत में मोटर दुर्घटना दावा प्रकरण के 23 प्रकरण निराकृत कर 5593000 रूपए राशि का अवार्ड पारित किया गया। इसी तरह चेक बाउंस प्रकरण में 15 प्रकरण निराकृत कर 2280500 रूपए राशि, सिविल के 12 प्रकरण निराकृत कर 495000 रूपए राशि, विद्युत के 5 प्रकरण निराकृत कर 235418 रूपए राशि एवं अन्य 10 प्रकरण निराकृत कर 4000 रूपए राशि के अवार्ड पारित किए गए। साथ ही 13 दाण्डिक एवं पांच वैवाहिक प्रकरणों का भी निराकरण किया गया।
