मप्र में अधिक कोरोना संक्रमण वाले जिले में अब सप्ताह में दो दिनो का रहेगा लॉक डाउन।
भोपाल। मध्य प्रदेश में कोरोना के बढ़ते संक्रमण ने सरकार की चिंता बढ़ा दी है। जिसको लेकर अब नई व्यवस्था शुरू की जा रही है । मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि कोरोना संक्रमण रोकने के लिए अब प्रदेश के अधिक संक्रमण वाले जिलों में सप्ताह में 2 दिन लगातार पूर्ण लॉक डाउन रहेगा। इसके दौरान आवश्यक सेवाएं छोड़कर सभी गतिविधियां प्रतिबंधित रहेगी।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश में कोरोना की स्थिति एवं व्यवस्थाओं की समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इस संबंध में निर्देश देते हुए कहा कि लॉकडाउन रविवार को रहेगा ही दूसरा दिन शनिवार होगा या सोमवार यह जिला क्राइसिस मैनेजमेंट ग्रुप के निर्णय अनुसार तय किया जाएगा। सभी जिलों में रात्रिकालीन कर्फ्यू रात्रि 8:00 बजे से प्रातः 5:00 बजे तक रहेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि संक्रमण मुक्त जिलों को छोड़कर सभी अन्य जिलों में राज्य एवं केंद्र सरकार के सभी कार्यालय 30% से 50% क्षमता के साथ संचालित किए जाएंगे। अधिकारी शत-प्रतिशत आएंगे, निजी कार्यालय एवं व्यापारिक प्रतिष्ठान भी 30% से 50% क्षमता में संचालित होंगे । निजी दफ्तर तथा व्यापारिक संस्थाओं में कोई कोरोना पॉजिटिव मिलने पर उसे 7 दिन के लिए बंद कर दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने जनता से अपील की है कि आगामी रक्षाबंधन ईद आदि सभी त्यौहार घर पर रहकर ही मनाए। सार्वजनिक रूप से कोई भी त्यौहार मनाने की अनुमति नहीं होगी

