मूलताई। दक्षिण वन मण्डल की मुलताई रेंज में टाइगर की चहल कदमी बढ़ गई है लेकिन वन अमला बेखबर है। वनकर्मी टाइगर की मौजूदगी को सामान्य मान कर कोई रुचि नही ले रहे है जो टाइगर समेत नागरिकों के लिए घातक हो सकती है। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक मुलताई रेन्ज की प्रभात पट्टन सर्किल के सदा प्रसन्न घाट में बीते 3 दीनो से टाइगर का मूवमेंट बढ़ गया है। इस इलाके में खेती किसानी करने वालो ने अपना नाम न छापने की शर्त पर बताया कि टाइगर के लिए सदा प्रसन्न घाट का घना जंगल अच्छा आशियाना बन गया है और उसे यह इलाका बहुत सुरक्षित लगता है इस बार वर्षा कम होने की वजह से टाइगर जंगल से निकल कर महाराष्ट्र सीमा पर बने शेकदरी बांध में पानी पीने आता जाता है। हालांकि अभी तक इस टाइगर ने कोई जनहानि नही की है। सीमावर्ती क्षेत्र में घूमने को लेकर वन विभाग में खासी निश्चिन्तता दिखाई पड़ती है। मैदानी वन अमले को जानकारी ही नही है कि टाइगर अपनी टेरेटरी में चक्कर लगा रहा है। जानकारों की माने तो यह टाइगर महाराष्ट्र के मेलघाट टाइगर रिजर्व का है और सदाप्रसन्न घाट तक उसकी टेरेटरी है इसलिए ही वो नागरिकों को दिखाई पड़ जाता है।
इनका कहना है
आपके द्वारा मुझे जानकारी मिली है मैं वनकर्मियो को भेज कर तस्दीक करा लेता हूँ साथ ही ग्रामीणों को भी अलर्ट रहने की अपील जारी करता हूँ।
हरीश बघेल
एसडीओ वन मुलताई


