मूलताई विधायक पूर्व कैबिनेट मंत्री सुखदेव पांसे का प्रदेशवासियों के लिए नव वर्ष का शुभकामना सन्देश।
प्यारे भाइयों, बहनों एवं क्षेत्रवासियों
आप सभी को मेरी ओर से नये साल 2021 की ढेरों बधाई व शुभकामनाएं। मां ताप्ती से प्रार्थना है कि वो इस नये साल में आप सभी पर सुख, समृद्धि और संपन्नता की वर्षा करें। साल 2019 की समाप्ति के दौरान पूरी दुनिया ने वही जोश और उमंग के साथ साल 2020 का स्वागत किया था जैसा की हमेशा से करते आये हैं। लेकिन, जनवरी 2020 के बाद जैसे-जैसे साल की उम्र बढ़ती गई पूरी दुनिया पर कोरोना वायरस के संकट के बादल छा गए। धीरे-धीरे पैर पसार रहे कोरोना के कारण, कभी न रूकने वाले शहर के शहर और देश के देश पूरी तरह ठहरने लगे। आम लोगों की जिंदगी थम सी गई। महामारी से बचने के लिए लोग महीनों तक घरों में कैद हो गये, बावजूद इसके दुनिया भर में करोड़ों लोग कोरोना संक्रमित हो गए।
इस महामारी ने पूरी दुनिया के करीब-करीब 20 लाख घरों में न सूखने वाले गम के आंसू दिए। हमारे मध्यप्रदेश में हजारों परिवार समेत पूरे भारत में भी लगभग डेढ़ लाख परिवारों ने कोरोना महामारी में अपनों को खोया। कोरोना ने मुझे और मेरे परिवार को भी अपने घाव दिए, लेकिन आप सभी के प्यार और स्नेह ने मुझे और मेरे परिवार को कुछ होने नहीं दिया। लेकिन, लाखों लोगों की जिंदगियां असमय खत्म होने का जख्म मुझमें भी गहरा है।
इस महामारी के पीड़ितों के इलाज के दौरान देश ने कई होनहार डॉक्टर खो दिए, अपने कर्तव्यों के निर्वहन के दौरान इसकी चपेट में आकर कई पुलिसकर्मी और सफाईकर्मियों भी शहीद हो गए। ऐसे में ये साल पृथ्वी पर पूरी मानव जाति के लिए न भूलने वाला साल रहा है। वर्ष 2020 ने हमें स्वास्थ्य के खिलाफ आ सकने वाली चुनौतियों से सामना कराया है। इस साल साबित हुआ कि स्वास्थ्य से बड़ा कुछ भी नहीं है। स्वास्थ्य पर जब संकट आता है तो सिर्फ किसी एक का जीवन हीं बल्कि पूरा सामाजिक दायरा भी उसकी लपेट में आ जाता है। आज साल के आखिरी दिन मैं उन सभी डॉक्टर, पैरा मेडिकल स्टॉफ, पुलिसकर्मी, सफाईकर्मी और कोरोना योद्धाओं को नमन करता हूं जिन्होंने मानव सेवा में अपने प्राणों की आहूति दी है और कोरोना को हराने के लिए आज भी अपनी जिंदगी दांव पर लगाकर दिन-रात मेहनत कर रहे चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों का भी वंदन करता हूं।
साल 2020 में संक्रमण की निराशा थी, चारों तरफ सवालिया निशान थे, यह सब साल की पहचान बन गए। लेकिन, साल 2021 उम्मीदों का साल होगा, संभावनाओं और सहयोग का साल होगा। इस नये साल में मैं अपना संकल्प दोहराता हूं कि मैं अपने क्षेत्र मुलताई को विकास के क्षेत्र में आगे बढ़ाने में कोई कसर नहीं छोड़ूंगा। क्षेत्र में शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल समेत हर प्रकार की समस्याओं का समाधान मेरे लिए प्राथमिकता होगी। आप सब भी इस नये साल में अपने बेहतर स्वास्थ्य और समाज के विकास के लिए संकल्प लें और उस दिशा में निरंतर कार्य करें।
2020 की समस्याओं के कारण कई लोग कई प्रकार की परेशानियों होंगे। ऐसे में हमें साल 2021 में एक काम बेहद ईमानदारी से करना है कि जीवन के प्रति हमें खुद भी उत्साहित रहना है और दूसरों को भी उत्साहित रखना और उनका सहयोग करना। समस्या जटिल जरूर है लेकिन एकजुटता से ही हम इन समस्याओं से निकल सकते हैं और भारत की सांस्कृतिक परंपरा की पहचान भी यही है।
ऐक्यं बलं समाजस्य तदभावे स दुर्बल:|
तस्मात ऐक्यं प्रशंसन्ति दॄढं राष्ट्र हितैषिण:||
इस नये साल में आपको ढेरों खुशियां और अपार सफलताएँ मिलें। आप सभी को एक बार फिर से नये साल 2021 की अनंत शुभकामनाएं।
आप सभी का अपना
सुखदेव पांसे

