रंगपंचमी भी रहेगी फिकिं। होली जैसी सख्ती के चलते समूह में निकले तो होगी कार्यवाही।
भोपाल। राजधानी में रंगपंचमी पर भी होली जैसी सख्ती रहेगी। लोग सामूहिक रूप से रंग नहीं खेल सकेंगे। जुलूस, गेर आदि पर पहले से ही प्रतिबंध है। इस दिन स्थानीय अवकाश भी रहेगा। इस वजह से लोगों को घर पर ही रहने को कहा गया है।
शुक्रवार को रंगपंचमी के अलावा गुड फ्राइडे भी रहेगा। जिला प्रशासन के अधिकारियों ने बताया कि आमतौर पर दोपहर तक दुकानें बंद रहती हैं। हालांकि इनके खोलने पर वर्तमान में कोई प्रतिबंध नहीं है। सरकारी कार्यालयों में भी अवकाश रहता है। इस वजह से लोगों को घर पर रहकर त्योहार मनाने के लिए कहा गया है। अगर लाेग समूह में बाहर निकलेंगे तो उन पर कार्रवाई की जाएगी। जुर्माना भी लगाया जा सकता है। व्यक्तिगत रूप से आने-जाने पर किसी तरह की पाबंदी नहीं रहेगी।
सीधी बात: अविनाश लवानिया, कलेक्टर
रंगपंचमी पर खोल सकेंगे दुकानें, नहीं है प्रतिबंध
रंगपंचमी पर क्या सख्ती रहेगी ?
होली जैसी ही सख्ती रहेगी, सार्वजनिक रूप से कोई रंग नहीं खेलेगा। जुलूस आदि नहीं निकलेंगे।
शुक्रवार को गुड फ्राइडे भी है, क्या लोग प्रार्थना करने चर्च जा सकेंगे?
किसी भी धार्मिकस्थल पर लोग नहीं जाएंगे। घर पर ही प्रार्थना होगी।
रंगपंचमी पर क्या व्यवस्था रहेगी ?
सड़कों पर बैरिकेड्स लगेंगे। बिना मास्क वालों के चालान काटे जाएंगे। समूह में निकलने वालों पर कार्रवाई होगी। आने-जाने पर मनाही नहीं है।
बाजार खुलेंगे या बंद रहेंगे ?
आमतौर पर दोपहर तक दुकानें बंद रहती हैं। हालांकि दुकानें खोलने पर प्रतिबंध नहीं है।

