असम में 6.4 तीव्रता का भूकंप आया है। नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी की मुताबिक यह भूकंप बुधवार सुबह 7.51 बजे आया। इसका केंद्र (एपिसेंटर) सोनितपुर में था। इस भूकंप से उत्तर-पूर्व समेत उत्तर बंगाल के कई इलाकों में भी तेज झटके महसूस किए गए हैं। अभी जान-माल के नुकसान की कोई जानकारी नहीं है।
असम के मुख्यमंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने कहा है कि लोगों की सलामती की प्रार्थना करते हुए सभी से सतर्क रहने की अपील कर रहे हैं। भूकंप के बारे में सभी जिलों से अपडेट लिया जा रहा है।
6 की तीव्रता वाला भूकंप खतरनाक होता है
भूगर्भ वैज्ञानिकों के मुताबिक, भूकंप की असली वजह टेक्टोनिकल प्लेटों में तेज हलचल होती है। इसके अलावा उल्का प्रभाव और ज्वालामुखी विस्फोट, माइन टेस्टिंग और न्यूक्लियर टेस्टिंग की वजह से भी भूकंप आते हैं। रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता मापी जाती है। इस स्केल पर 2.0 या 3.0 की तीव्रता का भूकंप हल्का होता है, जबकि 6 की तीव्रता का मतलब शक्तिशाली भूकंप होता है।

