पंचायत कर्मियों को भी करोना योद्धा घोषित करें सरकार - पांसे
मुलताई। पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के अंतर्गत पदस्थ समस्त अधिकारी एवं कर्मचारीगण चाहे वे स्थाई हो या अस्थाई सतत् अपनी जान-जोखिम में डालकर स्वास्थ्य विभाग की ही तरह कोविड मरीजों की सेवा में निरंतर लगे हुये हैं। क्षेत्र में मेरे द्वारा प्रवास के दौरान मेरी इन कर्मचारियों एवं अधिकारियों से चर्चा भी होती रहती है प्रशासन द्वारा लगाई गई ड्युटी को यह लोग तन्मयता के साथ निभा भी रहे हैं। परिणाम स्वरूप इनमें से 20 से अधिक कर्मचारी मेरी विधान सभा क्षेत्र के कोविड-19 से पीडि़त हो चुके हैं अत: इन समस्त पंचायत कर्मियों को सरकार बैतूल जिले में मुख्यमंत्री कोविड-19 योद्धा कल्याण योजना के तहत पात्र घोषित करें।
उक्ताशय की मांग करते हुये मुलताई विधायक सुखदेव पांसे ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को पत्र लिखकर कहा है कि जब कलेक्टर बैतूल द्वारा उपरोक्त परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए अपने आदेश क्रमांक 648 दिनांक 26/04/2021 के माध्यम से बैतूल जिले के पंचायत कर्मियों को करोना योद्धा माना था तब ऐसी कौनी सी परिस्थिति उत्पन्न हो गई कि एक सप्ताह बाद ही कलेक्टर बैतूल को इन जनहितैशी कार्य को निरस्त करते हुये दूसरा आदेश पत्र क्रमांक 293 दिनांक 02/05/2021 के माध्यम से निकालना पड़ा। इससे पंचायत विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों में निराशा भर गई है एवं वे उद्वेलित हो गये हैं।
यहां उल्लेखनीय है कि बैतूल जिला महाराष्ट्र की सीमा से लगा होने के कारण यहां संक्रमण अत्यधिक है। अत: प्रदेश सरकार पंचायत विभाग के बैतूल जिले के समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों को व उनके परिवार को फ्रंटलाइन वर्कर मानते हुये टीकाकरण करवाये तथा मुख्यमंत्री कोविड-19 योद्धा कल्याण योजना के तहत पात्र घोषित करें जिससे शासन को कोविड-19 से लडऩे में सहायता मिले एवं पंचायत कर्मियों का मनोबल न टूटे।

