आयुष्मान योजना दिखावा, इसका लाभ आम जनता को नही-पांसे ।
कोरोना को अंकुश लगाने हेतु नीतियों में करें परिवर्तन
मुलताई। आज हुई विडियों कांफ्रेसिंग में शामिल मुलताई विधायक सुखदेव पांसे ने सर्वप्रथम जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग एवं सभी दलों के नेताओं को इस कोरोना काल में मिलजुल कर कार्य करने के लिए बधाई दी साथ ही उन्होंने कहा कि बैतूल जिले में विगत 1 माह से लॉकडाउन है इसके बावजूद भी मृत्यु दर कम नही हो रही है अत: हमें नीति में परिवर्तन करने की आवश्यकता है। श्री पांसे ने सुझाव देते हुए कहा कि हमारे पास गॉव-गॉव में जन स्वास्थ्य रक्षक है हमें उनकी मदद लेना चाहिए इसके लिए उन्हें कोरोना किट (5 दिन की दवाई) दी जानी चाहिए जिससे वे घरो-घर साधारण सर्दी खांसी एवं बुखार वाले मरीजों को कोरोना किट दे सके जिससे वे प्राथमिक स्तर पर ही ठीक हो जाये। क्योंकि लोग आज भी कोरोना टेस्ट कराये जाने से डर रहे हैं इसके साथ ही प्रायवेट डॉक्टरों का भी सहयोग लेते हुए उन्हें भी कोरोना किट उपलब्ध करवाई जाये साथ ही प्रत्येक पंचायत एवं आशा कार्यकर्ताओं को एक-एक पल्स ऑक्सीमीटर एवं एक-एक थर्मामीटर उपलब्ध करवाये।
मुलताई विधायक सुखदेव पांसे ने प्रभारी मंत्री कमल पटेल से कहा कि आपने आयुष्मान योजना तो लागू कर दी है किन्तु बैतूल नगर के प्रायवेट अस्पताल में इसका क्रियांवयन नही हो रहा है उन्हें टालमटोल कर वापिस किया जा रहा है लोग परेशान हो रहे हैं मुझे फोन कर बता रहे हैं। बीतें 4 दिनों से योजना लागू है किन्तु आप बताईये बैतूल नगर के कौन से प्रायवेट अस्पताल ने इसके आधार पर बिलिंग की है एवं यह योजना दिखावा मात्र साबित हो रही है। अत: आप ही कलेक्टर महोदय को आदेशित करें कि वे जिले में आयुष्मान योजना का लाभ गरीबों को दे।
श्री पांसे ने मार्मिक होते हुये लोगों के अंतिम संस्कार में रही कठिनाईयों का उल्लेख करते हुये प्रभारी मंत्री से कहा कि जहां इस महामारी में लोग अपनों को खो रहे हैं इससे वे मानसिक रूप से वैसे ही परेशान रहते हैं वही दूसरी ओर अव्यवस्था के चलते ग्रामों में डेड बॉडी शूट व पी.पी.ई. किट न मौजूद होने के कारण लोगों का सही ढंग से अंतिम संस्कार भी नही हो पा रहा है। शव वाहन की व्यवस्था समय पर नही हो पाती है अत: मेरा आपसे अनुरोध है कि आप जिले की प्रत्येक पंचायत को कम से कम 5 डेड बॉडी सूट एवं 30-30 पी.पी.ई. किट उपलब्ध करवाये ताकि आम जनता अपने सगे संबंधियों का सही ढंग से अंतिम संस्कार कर सकें।
श्री पांसे ने प्रभारी मंत्री से मांग की है कि कोरोना काल को देखते हुए लोग विषम आर्थिक परिस्थति से जूझ रहे हैं सभी का तीन माह का बिजली बिल, बैंक ऋण की किश्तों का ब्याज सभी छोटे दुकानदार, फूटकर व्यापारी, नाई, धोबी, पंडित, बैंड-बाजे वाले, हलवाई, वाहन चालक, कंडक्टर, एजेंट, मजदूर इत्यादियों को आर्थिक सहायता प्रदान की जावे।


