कोरोना महामारी में प्रदेश भर में ऑक्सीजन की कमी चल रही है। ऐसे समय में लाेगाें की सांसाें काे राहत देने वाली ऑक्सीजन सिलेंडर से भरी पिकअप सोमवार को बैतूल-परासिया स्टेट हाइवे पर बंजारी माई के पास पलट गई। घटना में पिकअप के ड्राइवर को कोई चोटें नहीं आई। सूखाढाना से ऑक्सीजन सिलेंडर को जिला अस्पताल ले जाया जा रहा था। एक्सीडेंट होने के कारण सप्लाई आधा घंटे लेट हुई। तत्काल बैतूल से दूसरा वाहन भिजवाकर ऑक्सीजन सिलेंडरों काे जिला अस्पताल पहुंचाया।
सूखाढाना पंचायत के महाऋषि ऑक्सीजन गैस प्लांट से सोमवार दोपहर ढाई बजे पिकअप में 45 जंबो ऑक्सीजन सिलेंडर लोड कर जिला अस्पताल ले जाए जा रहे थे। आधा घंटे बाद स्टेट हाइवे पर बाइक चालक काे बचाने में पिकअप अनियंत्रित होकर खाई में जाकर पलट गई। इस घटना में पिकअप में रखे ऑक्सीजन सिलेंडर बिखर गए। घटना की सूचना मिलने पर रानीपुर और कोतवाली थाने से डायल 100 मौके पर पहुंची। ऑक्सीजन सप्लायर रजनीश आर्य ने बताया जंबो सिलेंडर जिला अस्पताल लाए जा रहे थे। एक्सीडेंट की सूचना मिलने पर दूसरा वाहन पहुंचाकर सिलेंडर लोड करके जिला अस्पताल पहुंचाए।
किसी तरह का नुकसान नहीं हुआ है
407 क्रमांक एमपी 48 जी 3061 में 45 ऑक्सीजन सिलेंडर भरकर जिला अस्पताल भेजा था। लगभग 45 मिनट के बाद यह गाड़ी बंजारी माई घाट पर अनियंत्रित होकर पलट गई, हालांकि सिलेंडर और चालक को कोई नुकसान नहीं हुआ।
- प्रदीप राजपूत, प्रोडक्शन मैनेजर, महाऋषि गैस एजेंसी सूखाढाना
कोई मामला दर्ज नहीं किया है
किसी को बचाने के चक्कर में वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। जिस स्थान पर यह घटना हुई वह कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत आता है मामले में कोई भी अपराध पंजीबद्ध नहीं किया है।
- विजय सिंह ठाकुर, प्रभारी थाना प्रभारी रानीपुर

