कैश नहीं निकले तो ATM ही उखाड़ ले गए चोर, ट्रक से भागते हुए CCTV में हुए कैद
कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में चोरों ने पूरी की पूरी एटीएम मशीन ही चुरा ली. चोरी का सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. रिपोर्ट के मुताबिक, मामला दक्षिण-पूर्व बेंगलुरु के एक उपनगर बेलंदूर का है. यहां शनिवार देर रात 2.45 बजे चोरों ने बैंक ऑफ बड़ौदा का एटीएम मशीन चुरा लिया. रिपोर्ट के मुताबिक, एटीएम से पैसे नहीं निकले, तो चोरों ने पूरा का पूरा एटीएम ही उखाड़ लिया. एटीएम में 3.13 लाख कैश थे.
सीसीटीवी फुटेज में चोरों को एटीएम मशीन के साथ एक ओपन-बैक ट्रक में भागते देखा जा सकता है. चोरों ने आउटर बेंगलुरु में एटीएम तोड़कर कैश निकाल लिए और एटीएम को वहीं फेंक दिया. वीडियो के जरिए पुलिस ने सभी पांचों चोरों की पहचान कर ली है. इनमें से एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि बाकी 4 आरोपी फरार चल रहे हैं. पुलिस उनकी तलाश में जुटी है.
