घोड़ाडोंगरी के अस्पताल, तहसील एवं जनपद कार्यालय का बैतूल जिला कलेक्टर ने निरीक्षण किया।
कार्यालयों की व्यवस्थाएं चुस्त-दुरुस्त रखी जाएं
-----------------------------------
एसडीएम स्वयं देखें अस्पताल में कोविड वैक्सीनेशन एवं रिकार्ड अपडेशन की व्यवस्था
-----------------------------------
कलेक्टर श्री अमनबीर सिंह बैंस ने शुक्रवार को जिले के घोड़ाडोंगरी में सरकारी अस्पताल, तहसील एवं जनपद कार्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कार्यालयों में अभिलेखों के व्यवस्थित संधारण के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि कार्यालयीन परिसर साफ-सुथरे रखे जाएं। किसी भी कार्यालय में आमजन को अपने कार्य कराने में परेशानी न हो, संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी इस बात का ध्यान रखे।
अस्पताल के निरीक्षण के दौरान यहां रिकार्ड दुरुस्त रखे जाने हेतु कर्मचारियों को पाबंद किया गया। जहां कोविड के मरीज ज्यादा पाए जा रहे हैं वहां कॉन्टेक्ट ट्रेसिंग करवाने के भी चिकित्सकों को निर्देश दिए गए। सभी फ्रन्टलाइन वर्कर्स को कोविड वैक्सीन लगवाना सुनिश्चित करने के भी चिकित्सा अधिकारी को निर्देश दिए गए। उन्होंने अनुविभागीय राजस्व अधिकारी श्री अनिल सोनी को निर्देशित किया कि वे अपनी निगरानी में अस्पताल का रिकार्ड अपडेट करवाएं। इसके अलावा कोविड वैक्सीनेशन की व्यवस्था भी देखें।
तहसील कार्यालय के निरीक्षण के दौरान उन्होंने समस्त शाखाओं द्वारा संपादित किए जाने वाले कार्यों की जानकारी ली। यहां संचालित लोकसेवा केन्द्र का भी कलेक्टर द्वारा सूक्ष्मता से निरीक्षण किया गया एवं निर्देश दिए गए कि लोकसेवा केन्द्र में आवेदकों से ली जाने वाले शुल्क की दरें स्पष्ट रूप से प्रदर्शित की जाएं।
जनपद पंचायत कार्यालय का भी कलेक्टर द्वारा निरीक्षण किया गया एवं यहां संचालित विभिन्न शाखाओं की जानकारी लेते हुए कहा कि प्रत्येक शाखा का कार्य एवं अभिलेख सुव्यवस्थित रहे। इस दौरान अनुविभागीय राजस्व अधिकारी शाहपुर श्री अनिल सोनी, सीईओ जनपद पंचायत घोड़ाडोंगरी श्री दानिश अहमद खान एवं तहसीलदार श्रीमती मोनिका विश्वकर्मा उपस्थित रहे।

