सावधान-बैतूल जिले में भी लग सकता है फिर से लॉक डाउन।
कोरोना के खतरनाक स्ट्रेन से जिले को प्रभावित होने का खतरा।
बैतूल। संदेहास्पद सेम्पल उच्च स्तरीय जांच के लिए देहली भेजे गये। मास्क नहीं लगाने पर हो सकता है जुर्माना। जिला प्रशासन अलर्ट मोड पर
बैतूल, 20 फरवरी 2021
जिले के समीपवर्ती महाराष्ट्र राज्य से लोगों की आवाजाही को देखते हुए जिले में कोरोना के खतरनाक नये वायरस स्ट्रेन के संक्रमण का खतरा बढ़ गया है। जिला प्रशासन ने सचेत होते हुए कुछ संदेहास्पद नमूनों को उच्च स्तरीय जांच के लिए देहली भेजा है। महाराष्ट्र राज्य से लगी हुई ग्रामीण बस्तियों को भी इस स्टे्रन के संक्रमण से बचाव के लिए अलर्ट किया गया है। यदि आप मास्क पहनकर नहीं चल रहे हैं तो आप पर बड़ी राशि का जुर्माना भी हो सकता है।
कलेक्टर श्री अमनबीर सिंह बैंस ने बताया कि पड़ोसी राज्य महाराष्ट्र में बढ़े खतरनाक कोरोना स्ट्रेन का असर जिले में प्रभावशील होने का खतरा हो सकता है। यदि यह नया स्ट्रेन जिले में असर करता है तो सभी के लिए खतरा बनेगा। कलेक्टर ने समस्त सीमावर्ती ग्राम पंचायतों को निर्देश दिए है कि वे महाराष्ट्र राज्य से आने-जाने वाले लोगों की निगरानी रखें एवं उनकी जानकारी संकलित की जाए। इसी तरह शहरी क्षेत्रों में भी भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर सजगता बरतने की लोगों से अपील की गई है। कहा गया है कि बिना मास्क के न निकलें। भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर सोशल डिस्टेंसिंग बनाए। जिन संस्थानों में कतारें लगाकर कार्य किया जा रहा है, जैस-बैंक, एटीएम इत्यादि में, वहां सोशल डिस्टेंसिंग का विशेष ध्यान रखा जाए। व्यावसायिक संस्थानों में भी हैण्ड सेनेटाइजर का उपयोग करने एवं सोशल डिस्टेंसिंग मेंटेन करने की व्यवस्था प्रभावी रहे।
शनिवार को आयोजित जिला क्राइसिस मैनेजमेंट ग्रुप की बैठक में कलेक्टर के साथ विधायक डॉ. योगेश पण्डाग्रे, पूर्व विधायक श्री हेमन्त खण्डेलवाल, जिला सहकारी बैंक के पूर्व प्रशासक श्री अरूण गोठी सहित स्वास्थ्य विभाग एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के बीच कोरोना के इस खतरनाक स्ट्रेन के संक्रमण की जिले में संभावना के मद्देनजर आगामी रणनीति तय करने पर चर्चा की गई। क्राइसिस मैनेजमेंट ग्रुप के सभी सदस्यों ने एकराय होकर कहा कि इस स्ट्रेन से बचाव के लिए जिला प्रशासन समस्त आवश्यक कदम उठाए।

