नशे में हैवानियत:शराबी पति ने पत्नी के एक हाथ की हथेली और पैर का पंजा फरसे से काटा।
निशातपुरा थाना प्रभारी महेंद्र सिंह चाैहान के मुताबिक घटना मंगलवार रात करीब 11:30 बजे निशातपुरा स्थित पारस काॅलाेनी में हुई। यहां हाेशंगाबाद निवासी 32 वर्षीय प्रीतम सिंह सिसाेदिया पत्नी संगीता और एक सात साल के बेटे के साथ रहता है। प्रीतम मेहनत-मजदूरी करता है, जबकि संगीता इंदौर की एक फैक्टरी में सुपरवाइजर है। वह 15-15 दिन में इंदौर से भोपाल आती है।
पत्नी फोन पर बात करती थी, इसी बात से रहता था नाराज
संगीता घर आने पर वह अक्सर फोन पर बात करती थी। इस बात को लेकर पति एतराज करता था। बेटा पिता के पास ही रहता है। मंगलवार की रात प्रीतम शराब के नशे में धुत था। उसने पत्नी के चरित्र पर सवाल उठाए ताे विवाद बढ़ गया। प्रीतम ने गुस्से में फरसा उठाया और पत्नी के बाएं पैर का पंजा और बाएं हाथ की हथेली काट कर शरीर से अलग कर दी। हमले के बाद संगीता बदहवास सी बैठी रह गई।
आरोपी बोला-पुलिस पर भी करूंगा हमला
वारदात के बाद आरोपी प्रीतम भी घर से नहीं भागा। पुलिस जब पहुंचीं, तब प्रीतम कमरे में फरसा लिए खड़ा था। बोल रहा था कि पुलिस पकड़ने आई तो उन पर भी हमला करूंगा। चार्ली टीम के सिपाही शैलेंद्र ने प्रीतम को बातों में उलझाया। सिपाही राहुल सिकरवार ने सीढ़ियों से कमरे में पहुंचकर उसे दबोच लिया। पुलिस ने प्रीतम पर हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया है, जबकि संगीता की कटी हुई हथेली और पंजे को हमीदिया ले जाकर डॉक्टरों को सौंपा। इन्हें 6 घंटे में जोड़ा जा सकता है, इसलिए देर रात डॉक्टरों ने ऑपरेशन शुरू कर दिया था।

