मध्यप्रदेश में कोरोनापॉजिटिविटी रेट घट कर 1.8% पर पहुंची, सीएम ने कहा - सावधान रहने की अभी भी आवश्यकता है
अप्रेल के महीने जहां एक समय कोरोना से पॉजिटिविटी रेट 25 प्रतिशत तक जा पहुँचा था, वह अब घट कर 1.8 फीसदी हो गया है।
भोपाल 31 मई। प्रदेश में कोरोना संक्रमण की स्थिति में लगातार सुधार हो रहा है और स्वस्थ होने वालों की संख्या भी लगातार बढ़ रही है। यह बात आज रविवार को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कोरोना की अद्यतन जानकारी को साझा करते हुए कही।
उन्होंने बताया कि पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेशभर में 78 हजार 737 टेस्ट हुए हैं। इनमें 1 हजार 476 पॉजिटिव आए जबकि 5 हजार 59 मरीज स्वस्थ हुए हैं। वहीं प्रदेश का रिकवरी रेट 95.5 प्रतिशत तक पहुंच गया है, इसके अलावा पॉजिटिविटी दर 1.8 फीसदी हो गई है।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने कहा कि हमारे दो जिले आगर मालवा और भिण्ड में कोई पॉजिटिव केस नया नहीं आया। 23 जिले ऐसे हैं जहां सिंगल डिजीट यानी 10 से कम पॉजिटिव केस आए हैं। स्थिति में लगातार सुधार हो रहा है। मप्र में कोरोना संक्रमण लगातार नियंत्रण में है।
सीएम शिवराज ने कहा कि अभी भी हमें सावधान रहने की आवश्यकता है। पूरे प्रदेश में हर स्तर पर क्राईसेस मैनेजमेंट कमेटी की बैठक हो रही है। ब्लॉक, जिला, वार्ड, ग्रामों की क्राईसेस मैनेजमेंट कमेटी आज तय करेगी कि 1 जून से कोरोना कर्फ्यू में ढील कैसे देंगे, अनलॉक कैसे करेंगे। यह जवाबदारी कोरोना को नियंत्रित करने और खत्म करने की जनता ने उठाई है, जनता तय करेगी और फैसले को सरकार लागू करेगी।

