जीवन बचाने ऑक्सीजन से लैस हुई नीलेश की ऑटो एम्बुलेंस
साहू समाज और मां कर्मा संस्था ने भेंट किया सिलेण्डर और किट
बैतूल। जिले में कोरोना की विकराल स्थिति एवं लॉकडाउन में होम आयोसोलेट मरीजों को अस्पताल या अन्य जांच के लिए जाने में हो रही परेशानियों को देखते हुए बैतूल सांस्कृतिक सेवा समिति द्वारा जीवन रक्षक प्रकल्प ऑटो एम्बुलेंस योजना से जुड़े 5 ऑटो को प्रशासन की स्वीकृति से कोविड ऑटो एम्बुलेंस से तब्दील किया। इन्हीं 5 कोविड ऑटो एम्बुलेंस में से एक ऑटो अब सभी जीवन रक्षक साधनों से लैस हो गई है। जिला साहू समाज सेवा संगठन एवं मां कर्मा साहू समाज साख सहकारी संस्थान मर्यादित ने संयुक्त रुप से संस्था को एक ऑटो के लिए ऑक्सीजन सिलेण्डर एवं किट भेंट की है। यह सिलेण्डर कोविड के दौरान सर्वाधिक पॉजिटिव मरीजों को अस्पताल, कोविड केयर सेंटर या निजी अस्पताल पहुंचाने वाले ऑटो एम्बुलेंस चालक नीलेश चौधरी की ऑटो में इंस्टॉल कराया है। रविवार शाम को जिला साहू समाज सेवा संगठन और मां कर्मा साहू समाज साख सहकारी संस्थान मर्यादित ने कोविड मरीजों को सुविधा उपलब्ध कराने वाले 5 कोविड-19 ऑटो एम्बुलेंस चालकों, संस्था के पदाधिकारियों एवं सदस्यों को मानव सेवा सम्मान प्रमाण पत्र देकर सम्मानित भी किया। नीलेश चौधरी की ऑक्सीजन युक्त ऑटो में ऑक्सीजन का कोई चार्ज नहीं लिया जाएगा। ऑक्सीजन युक्त ऑटो की आवश्यकता पड़ने पर श्री चौधरी के मोबाईल नंबर 8965918009 पर कॉल किया जा सकता है। इसके साथ ही आक्सीजन सिलेण्डर नि:शुल्क रिफिल कराने के लिए मां शिव शारदा ट्रेडर्स के संचालक रजनीश आर्य ने जिम्मेदारी ली है।
छोटा आदमी बड़ा काम कर रहा है
शहीद भवन परिसर में ऑक्सीजन सिलेण्डर ऑटो में इस्टॉल करने के दौरान साहू समाज के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं वरिष्ठ समाजसेवी बालाराम साहू ने कहा कि शहर में एम्बुलेंस की कमी के दौरान मरीजों को लाने ले जाने के लिए ऑटो चालकों ने जो हिम्मत दिखाई है उसकी जितनी सराहना की जाए वह कम है। सही मायने में छोटा आदमी बड़ा काम कर रहा है। मां कर्मा साहू समाज साख सहकारी संस्था के अध्यक्ष विपिन साहू ने बताया कि जब उनके संज्ञान में यह बात आई कि ऑटो एम्बुलेंस ऑक्सीजन सिलेण्डर की आवश्यकता है तब उन्होंने समाज संगठन के पदाधिकारियों एवं सदस्यों को अवगत कराया। जिसके बाद समाज के लोगों ने यह निर्णय लिया कि एक ऑटो में समाज के माध्यम से आक्सीजन सिलेण्डर उपलब्ध कराया जाएगा। ऑटो एम्बुलेंस योजना संचालक गौरी भारत पदम ने बताया कि 7 मई से जिला मुख्यालय पर एवं 19 मई से आमला में कोविड ऑटो एम्बुलेंस चलाई जा रही है। इस दौरान 150 से अधिक पॉजिटिव मरीजों को ऑटो चालकों की मदद मिली। कई बार ऑटो चालकों ने 85 से 90 ऑक्सीजन लेवल के मरीजों को भी अस्पताल पहुंचाया तब चिंता हो जाती थी, लेकिन अब एक ऑटो एम्बुलेंस ऑक्सीजन युक्त होने से राहत मिलेगी। उन्होंने साहू समाज के पदाधिकारियों एवं सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया।
मानव सेवा सम्मान से नवाजा
जिला साहू समाज सेवा संगठन और मां कर्मा साहू समाज साख सहकारी संस्थान मर्यादित द्वारा ऑटो एम्बुलेंस चालक नीलेश चौधरी, मनीष मालवीय, आशिक शाह, कलीम अहमद और भुरु यूसुफ फजलानी के अलावा संस्था अध्यक्ष गौरी पदम, सचिव भारत पदम, सदस्य नीलम वागद्रे को कोरोना योद्धा प्रमाण पत्र देकर सम्मानित भी किया। इस दौरान वरिष्ठ समाजसेवी एवं समाज संगठन के संरक्षक बालाराम साहू, जिला अध्यक्ष विपिन कुमार साहू, जिला सचिव नवीन जे साहू, उपाध्यक्ष डॉ शैलेन्द्र साहू, सह कोषाध्यक्ष राजेन्द्र प्रसाद साहू, विनोद साहू, धनप्रसाद साहू, शिवप्रसाद साहू, डॉ सरिता साहू, भागवंती साहू, रामेश्वरी चौधरी, प्रेमलाल साहू, शांति साहू, रेखा साहू, शंकरलाल साहू कोल्हे, सीमा साहू, हिमांशु साहू, शशिकांत साहू, नितिन वागद्रे, सुमीत नागले उपस्थित थे।




