साइंस सेंटर (ग्वा) मध्य प्रदेश द्वारा चलाए जा रहे विज्ञान एवं स्वास्थ्य जागरूकता वर्ष को अनुसया सेवा संगठन ने दिया समर्थन
जागरूकता वर्ष के अंतर्गत 10 गांव में आयोजित होगा वृक्षारोपण का कार्यक्रम
मुलताई नगर में शनिवार को सुबह 11:30 बजे मुलताई विधायक सुखदेव पांसे ने राष्ट्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी संचार परिषद नई दिल्ली भारत सरकार एवं साइंस सेंटर ग्वालियर मध्य प्रदेश द्वारा चलाए जा रहे विज्ञान एवं स्वास्थ्य जागरूकता वर्ष 2021 के अंतर्गत अमरावती रोड पर स्थित बगीचे में 11 पौधे लगाए। वही मुलताई की स्वयंसेवी संस्था अनुसया सेवा संगठन ने साइंस सेंटर द्वारा चलाए जा रहे जागरूकता वर्ष को अपना समर्थन दिया। कार्यक्रम में उपस्थित विधायक पांसे ने कहा कि साइंस सेंटर द्वारा आम लोगों को जागरूक करने के लिए शुरू किया गया यह प्रयास सराहनीय है। आयोजित कार्यक्रमों के माध्यम से निश्चित तौर पर आम लोगों में विज्ञान सहित स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता आएगी और वह वैज्ञानिक दृष्टिकोण को समझ पाएंगे। उन्होंने कहा कि जागरूकता वर्ष के अंतर्गत विज्ञान एवं स्वास्थ्य को लेकर जो भी कार्यक्रम आयोजित होंगे उसमें वह अपनी ओर से पूरा सहयोग देंगे। आयोजन में उपस्थित अनुसया सेवा संगठन के अध्यक्ष कृष्णा साहू ने साइंस सेंटर द्वारा चलाए जा रहे जागरूकता वर्ष को समर्थन देते हुए कहा कि संगठन द्वारा जागरूकता वर्ष के अंतर्गत आयोजित होने वाले सभी कार्यक्रमों में सहभागी रहेगा। कार्यक्रम में विशेष रूप से जागरूकता वर्ष के जिला समन्वयक अनीष नायर उपस्थित रहे।

