प्रधानमंत्री आवास योजना में घोटाला, ग्राम रोजगार सहायक, सहायक विकास विस्तार अधिकारी सहित कंप्यूटर ऑपरेटर पर आपराधिक प्रकरण दर्ज।
आवास भी नहीं बने दूसरों के खातों में की राशि ट्रांसफर मजदूरी का भी फर्जी भुगतान। कुल 1296868 के गबन का है मामला।रजोला पंचायत का है मामला।
Athner news। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) अंतर्गत वास्तविक पात्र हितग्राहियों के स्थान पर अपात्रों को आवास स्वीकृत कराए जाने की शिकायत जांच में सही पाये जाने पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभिलाष मिश्रा के निर्देश पर सीईओ जनपद पंचायत आठनेर द्वारा ग्राम पंचायत रजोला के ग्राम रोजगार सहायक एवं जनपद पंचायत आठनेर के तत्कालीन कम्प्यूटर ऑपरेटर व तत्कालीन सहायक विस्तार अधिकारी के विरूद्ध थाना आठनेर में प्रकरण दर्ज कराया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार जनसुनवाई कार्यक्रम में जनपद पंचायत आठनेर की ग्राम पंचायत रजोला के ग्रामवासियों द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) अंतर्गत वास्तविक पात्र हितग्राहियों के स्थान पर अपात्रों को आवास स्वीकृत कराये जाने की शिकायत की गई थी। जनपद पंचायत आठनेर द्वारा शिकायत की जांच करने पर 12 आवास के अपात्र हितग्राहियों को शासकीय धनराशि 12 लाख 96 हजार 868 रूपए का प्रदाय किया जाना पाया गया।
जिसमें शासकीय योजना में वित्तीय अनियमितता किए जाने पर जनपद पंचायत आठनेर के तत्कालीन कम्प्यूटर ऑपरेटर प्रवीण गायकवाड़, रजोला के तत्कालीन ग्राम रोजगार सहायक मेघराज सोलंकी एवं जनपद पंचायत आठनेर के तत्कालीन सहायक विकास विस्तार अधिकारी अमरलाल नागले दोषी पाए जाने पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी एवं प्रभारी खंड पंचायत अधिकारी जनपद पंचायत आठनेर द्वारा उक्त कर्मचारियों के विरूद्ध पुलिस थाना आठनेर में भादसं की धारा 420 एवं 409 के तहत आपराधिक प्रकरण दर्ज कराया गया है।