जिले के भीमपुर विकासखंड में कोरोना संक्रमित दो पॉजिटिव केस आने के फलस्वरूप स्वास्थ्य विभाग की जिला स्तरीय टीम निरीक्षण एवं आवश्यक कार्रवाई हेतु भीमपुर पहुंची। टीम में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जी. सी. चौरसिया एवं जिला नोडल अधिकारी डॉ. सौरभ राठौर सम्मिलित रहे। टीम के साथ डॉ. सागर सिंह, डॉ. राकेश तिवारी एवं रेपिड रिस्पांस टीम के अन्य सदस्य भी उपस्थित रहे। टीम द्वारा भीमपुर एवं ग्राम डोक्या, कास्याभुरू में भ्रमण कर स्वास्थ्य विभाग की स्थानीय टीम को आवश्यक निर्देश दिये गये।
डॉ. चौरसिया ने ग्राम की आशा कार्यकर्ता, एएनएम तथा अन्य कार्यकर्ताओं को सर्वे के लिए तथा कान्टेक्ट ट्रेसिंग करने के निर्देश दिये। मरीजों को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र भीमपुर के कोविड केयर सेंटर एवं मरीजों के परिजनों को ग्राम में होम क्वारेंटाईन किया गया है।
कंटेन्मेंट क्षेत्र घोषित होने के बाद आज से डोर टू डोर सर्वे प्रारंभ कर दिया गया है। पॉजिटिव मरीजों का इलाज प्रारंभ कर दिया गया है, साथ ही मरीजों के क्वॉरेंटाइन कक्ष को भी सैनिटाइज किया गया है। डॉ. चौरसिया ने बाहर से आने वाले नागरिकों की सतत् निगरानी रखने एवं तत्काल जांच कराने के निर्देश स्थानीय टीम को दिये हैं।
विकासखंड भीमपुर के खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. पंकज बाथम एवं स्वास्थ्य अमले को सभी प्रकार के निर्देश दिये गए हैं, कोविड-19 संबंधित समस्त कार्रवाइयां समय-समय पर संपादित की जाएगी।

