भोपाल. केंद्रीय मंत्रियों और भाजपा के वरिष्ठ नेताओं से मिलने दिल्ली गए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि राज्य में मंत्रियों के विभागों का बंटवारा उनके भोपाल पहुंचते ही कर दिया जाएगा। मुख्यमंत्री ने केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, खाद्य मंत्री रामविलास पासवान से मुलाकात की है। उनका पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा से भी मिलने का कार्यक्रम है। मुख्यमंत्री ने बताया कि 750 मेगावाट क्षमता वाले रीवा अल्ट्रा मेगा सौर परियोजना को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से लोकार्पित कर राष्ट्र को समर्पित किया जायेगा।
राजनाथ सिंह के आवास पर मीडिया से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि मेरे भोपाल पहुंचने के बाद विभागों का आवंटन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि हमने 2017 में डीआरडीओ के लिए मुरैना जिले में 324 हेक्टेयर जमीन निशुल्क दी थी। तब बात हुई थी कि इसके बदले में चंबल में एक सैनिक स्कूल खोला जाएगा। रक्षा मंत्री ने मुझे आश्वस्त किया है कि जल्द ही इस दिशा में कदम उठाए जाएंगे।

