कड़ाके की ठंड पड़ने की संभावना ,मौसम विभाग ने किया अलर्ट
खबर मध्य प्रदेश से
मौसम विभाग द्वारा दी गई जानकारी वर्तमान में उत्तर भारत में कोई प्रभावी मौसम प्रणाली सक्रिय नहीं है। हवा का रुख भी लगातार उत्तरी बना हुआ है। उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। वहां से लगातार आ रही सर्द हवाओं के कारण बुधवार को मध्य प्रदेश के अधिकतर शहरों में न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज हुई है। इसी क्रम में बुधवार को मध्य प्रदेश में सबसे कम 3.4 डिग्री सेल्सियस तापमान नौगांव में दर्ज किया गया। प्रदेश के 15 शहरों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से कम रहा। राजधानी में भी रात का तापमान बुधवार को मंगलवार के मुकाबले 2.2 डिग्री सेल्सियस लुढ़क गया। बुधवार को अधिकतम तापमान में कुछ बढ़ोतरी होने की संभावना है।मौसम विज्ञान केंद्र से मिली जानकारी के मुताबिक बुधवार को राजधानी का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया, जो सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस कम रहा। साथ ही यह मंगलवार के न्यूनतम तापमान 12.2 डिग्री सेल्सियस की तुलना में 2.2 डिग्री सेल्सियस कम रहा। मंगलवार को शहर का अधिकतम तापमान 23.5 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया था, जो सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस कम रहा था। यह भी सोमवार के अधिकतम तापमान 23.8 डिग्री सेल्सियस की तुलना में 0.3 डिग्री सेल्सियस कम रहा था।मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्व वरिष्ठ मौसम विज्ञानी अजय शुक्ला ने बताया कि वर्तमान में कोई प्रभावी मौसम प्रणाली सक्रिय नहीं है। हवा का रुख लगातार उत्तरी बना रहने से तापमान में गिरावट हो रही है। वर्तमान में एक पश्चिमी विक्षोभ अफगानिस्तान के आसपास ट्रफ के रूप में बना हुआ है। इस मौसम प्रणाली के हवा के ऊपरी भाग में चक्रवात के रूप में परिवर्तित होकर गुरुवार को उत्तर भारत में प्रवेश करने की संभावना है। इसके असर से उत्तर भारत के पहाड़ों पर बर्फबारी एवं वर्षा होने के आसार हैं। इस मौसम प्रणाली के उत्तर भारत से आगे बढ़ने पर दो दिन बाद मध्य प्रदेश में कड़ाके की ठंड पड़ने की संभावना है।