मुलताई में हुआ मां ताप्ती जेसीबी एवं पोकलैंड यूनियन का गठन ।
यूनियन के द्वारा जेसीबी एवं पोकलैंड का प्रति घंटे का किराया किया गया तय
मुलताई - पवित्र नगरी में रविवार को दोपहर 2 बजे नगर से लगकर गुजरने वाले हाईवे पर स्थित ग्राम परमंडल जोड़ पर संचालित कमलेश ढाबे पर जेसीबी एवं पोकलैंड के व्यवसायियों की बैठक संपन्न हुई जिसमें सर्वसम्मति से मां ताप्ती जेसीबी एवं पोकलैंड यूनियन का गठन किया गया। उपस्थित व्यवसायियों में से गुड्डा ठाकुर अध्यक्ष, गोलू गड़ेकर उपाध्यक्ष, प्रवीण पाटणकर सचिव एवं कीर्ति यादव को कोषाध्यक्ष बनाया गया। यूनियन के गठन के बाद उपस्थित सभी व्यवसायियों ने जेसीबी एवं पोकलैंड का प्रति घंटे के हिसाब से रेट तय किया जिसमें जेसीबी 1200 रुपए प्रतिघंटा एवं पोकलैंड 3800 रुपए प्रति घंटा रेट तय किया गया। यूनियन के कीर्ति यादव ने बताया कि रविवार को आयोजित बैठक में बढ़ते डीजल के भाव को मद्देनजर रखते हुए रेट तय किया गया है। आने वाली 13 फरवरी को पुनः बैठक का आयोजन किया गया है जिसमें जेसीबी एवं पोकलैंड व्यवसायियों की अन्य समस्याओं को लेकर विस्तार से चर्चा की जाएगी।

