ताप्ती घाट पर रेत से भरे डंपर ने 30 भेड़ काे कुचला, 21 की माैत, 9 गंभीर
✍अनुप शिन्दे
आठनेर। आठनेर-बैतूल रोड पर स्थित ताप्ती घाट पर मंगलवार सुबह एक तेज रफ्तार डंपर ने 21 भेड़ काे कुचल दिया। इससे उनकी माैत हाे गई। जबकि करीब 9 भेड़ घायल हैं। पुलिस ने फिलहाल आपसी रजामंदी हाेने के मद्देनजर केस दर्ज नहीं किया है। जानकारी के अनुसार भेड़ चरवाहा पेमाजी भूराजी और रूपा लाखाजी ने बताया कि वह राजस्थान के जालोर जिले के वेनाराम की भेड़ चराते हैं, जो मंडला गांव के रहने वाले हैं। मंगलवार सुबह आठनेर के निकट बोरपानी के एक खेत में रुके थे। सुबह होते ही ताप्ती घाट से होते हुए बैतूल की ओर जा रहे थे।
मोती नाले के ऊपरी टर्निंग में रेत से भरे ट्रक ने उनकी 21 भेड़ाें काे रौंदकर मार डाला, वहीं 9 भेड़ घायल हो गईं। चरवाहे ने हादसे उन्हें करीब 10 लाख रुपए का नुकसान हाेना बताया। रेत से भरा डंपर हर्षित साहू का है, जो आठनेर के जूनावानी गांव का रहने वाला है। हर्षित साहू ने बताया कि उनका डंपर रेत लेकर बैतूल से आठनेर की ओर आ रहा था। अंधे माेड़ पर झाड़ियां होने, रोड संकरा और साइड साेल्डर की भराई नहीं होने के कारण रोड अत्यधिक खराब है। इस कारण डंपर अनियंत्रित होकर भेड़ के झुंड में जा घुस। इसके कारण यह घटना हाे गई।


