कोरोना से बचाने, सोशल डिस्टेंसिंग बनाने कलेक्टर एसपी सहित विधायक ने सर्किल बनाए।
कोरोना संकट के प्रति आमजन को संवेदनशील बनाने एवं जागरूक करने के लिए मंगलवार को संकल्प अभियान के तहत प्रात: 11 बजे सायरन बजाकर मास्क लगाने एवं सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने का संदेश दिया गया। इस दौरान लोगों ने खड़े होकर मास्क लगाने तथा सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने का संकल्प लिया।
बैतूल नगर में डॉ. अम्बेडकर चौक पर आयोजित कार्यक्रम में विधायक आमला डॉ. योगेश पण्डाग्रे, कलेक्टर श्री अमनबीर सिंह बैंस, पुलिस अधीक्षक सुश्री सिमाला प्रसाद, सीईओ जिला पंचायत श्री एमएल त्यागी सहित पुलिस प्रशासन के अधिकारियों ने मौजूद रहकर उक्त संकल्प लेने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान विधायक, कलेक्टर एवं एसपी द्वारा दुकानों के सामने सर्किल बनाकर सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने का भी संदेश दिया गया। इसके अलावा मेरा मास्क-मेरी सुरक्षा अभियान के तहत लोगों को मास्क भी वितरित किए गए। साथ ही समझाईश दी गई कि कोरोना वायरस से बचने के लिए मास्क ही एक अचूक उपाय है। सभी से अपेक्षा है कि मास्क लगाएं। मास्क लगाने में किसी तरह की लापरवाही कोरोना संक्रमण फैलने का कारण बनेगी।
जिले के अन्य स्थानों पर भी संकल्प अभियान का आयोजन किया गया एवं आमजन को मास्क लगाने व सामाजिक दूरी का पालन करने के प्रति जागरूक किया गया।

