कोरोना की दूसरी लहर ने बता दिया है कि मेडिकल ऑक्सीजन कितनी जरूरी है। लोग अब इसे लेकर संजीदा भी होने लगे हैं। इसकी झलक उज्जैन की एक शादी में दिखी। यहां एक परिवार ने अपनी बेटी को ऑक्सीजन के दो कंसंट्रेटर गिफ्ट किए हैं। इनकी कीमत 1 लाख 40 हजार रुपए हैं। यही नहीं दूल्हा-दुल्हन ने 8वां वचन भी लिया कि समाज की सेवा के लिए ऑक्सीजन मशीन को जरूरतमंदों को मुफ्त में देंगे।
शादी में बेटी के परिवार की ओर से टीवी, फ्रिज, जेवरात समेत कैश भी दिया जाता है, लेकिन उज्जैन के अम्बोदिया के अंकित धाम में गोयल परिवार ने मिशाल पेश की। उज्जैन निवासी अंकित आश्रम के संचालक सुधीर भाई गोयल की बड़ी बेटी मोनिका की शनिवार को शादी हुई। इसमें पुणे में असिस्टेंट सीए के पद पर काम करने वाला अंकित महाराष्ट्र के यवतमाल से बारात लेकर आया। शादी में फेरे से पहले दो ऑक्सीजन कंसंट्रेटर मशीनें दूल्हा- दुल्हन को गिफ्ट किया गया।
सात नहीं आठ वचन दिलवाए
सभी शादियों में परंपरा के अनुसार दूल्हा-दुल्हन को सात वचन पंडित दिलवाते हैं, लेकिन अंकित और मोनिका ने आठ वचन लिए। आठवां वचन समाजसेवा का लिया गया। दरअसल दुल्हन पिछले 25 सालों से सेवाधाम आश्रम में मूक बधिर और बेसहारा बच्चों की सेवा कर रही है। इसलिए, दूल्हे को भी समाजसेवा और ऑक्सीजन मशीन को जरूरतमंदों को फ्री में देने का संकल्प दिलाया गया।
बारातियों से लगवाए पौधे
उज्जैन के गोयल परिवार की यह शादी कोविड गाइडलाइन का पालन करते हुई धूमधाम से हुई। इस दौरान बारात में आए सभी 20 बारातियों से अंकित धाम में पौधे लगवाए गए और दूसरों को प्रेरणा देना का संकल्प भी लिया।

