Two students died due to drowning in Tapti river. Went to bathe in the river, lost balance and drowned in deep water.
बुरहानपुर की ताप्ती नदी स्थित राजघाट में दो युवक डूब गए। बताया जा रहा है कि वे दोनों यहां नहाने गए थे। इसी दौरान गहरे पानी में चले गए। दोनों की मौत हो गई। दोनों 12वीं के छात्र थे। शनिवार सुबह करीब 9.30 बजे कृष्ण कुमार बुंदेला (18) और शाश्वत छाबड़िया (18) ताप्ती नदी में नहाने गए थे।
बुरहानपुर के स्थानीय लोगों ने बताया, नहाते समय उनका अचानक संतुलन बिगड़ा और दोनों नदी के गहरे पानी में समा गए। वहां मौजूद लोगों ने आवाज भी लगाई, तब तक देर हो चुकी थी। मौजूद लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। थाना प्रभारी संजय पाठक टीम के साथ मौके पर पहुंचे। एक घंटे की मशक्कत के बाद होमगार्ड के जवानों ने शवों को निकाला।
आंखें दान करने का लिया फैसला
शाश्वत छाबड़िया (18) पिता सुधीर छाबड़िया के परिजन ने बेटे की आंखों को दान करने का फैसला लिया है। बताया जा रहा है, शाश्वत के मां की इच्छा थी कि उसके बेटे की आंखों को दान किया जाए।
नदी के किनारे पड़े आधार कार्ड और कपड़ों से पहचान
दोनों युवकों में से एक युवक का नदी के किनारे आधार कार्ड और कपड़े मिले। इसके पुलिस ने जब्त कर लिया। थाना प्रभारी संजय पाठक ने बताया, नदी किनारे मिले आधार कार्ड से दोनों युवकों की पहचान हुई। किनारे रखे मोबाइल से पता चला कि दूसरे युवक का नाम कृष्ण है। दोनों सेवा सदन कॉलेज के छात्र थे। इस दौरान राजघाट पर काफी लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी।

