आरोपी जय उर्फ जयकुमार पिता नेतराम शर्मा
नाबालिग को ब्लैकमेल कर अश्लील फोटो-वीडियो वायरल करने वाला आरोपी गिरफ्तार, बैतूल पुलिस की त्वरित कार्रवाई
बैतूल। जिले में महिलाओं और बालिकाओं के विरुद्ध होने वाले अपराधों पर सख्त कार्रवाई के तहत थाना गंज पुलिस ने नाबालिग पीड़िता के अश्लील फोटो एवं वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी ने पहले पीड़िता से दोस्ती की, फिर धमकाकर निजी फोटो और वीडियो हासिल किए तथा बाद में उन्हें वायरल कर ब्लैकमेल किया।
पुलिस के अनुसार, 4 अगस्त 2026 को एक नाबालिग पीड़िता अपने परिजनों के साथ थाना गंज पहुंची और रिपोर्ट दर्ज कराई। पीड़िता ने बताया कि जनवरी 2026 में भागवत कथा के दौरान उसकी पहचान जय शर्मा नामक युवक से हुई थी। इसके बाद आरोपी मोबाइल कॉल और मैसेज के माध्यम से उसे लगातार धमकाता रहा और दबाव बनाकर उसके अश्लील फोटो एवं वीडियो प्राप्त कर लिए।
पीड़िता को 4 अगस्त को जानकारी मिली कि आरोपी ने उसके अश्लील फोटो और वीडियो उसके रिश्तेदारों सहित अन्य लोगों को भेज दिए हैं। घटना से आहत होकर पीड़िता ने अपने पिता के साथ थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
इन धाराओं में दर्ज हुआ मामला
शिकायत के आधार पर थाना गंज में अपराध क्रमांक 245/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 75(2), 351(2), सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 67ए तथा पॉक्सो अधिनियम की धारा 7/8 के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई।
24 घंटे के भीतर आरोपी गिरफ्तार
पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमलेश कुमार खरपुसे एवं एसडीओपी अन्नापूर्णा सिरसाम के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक नीरज पाल के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने जय उर्फ जयकुमार पिता नेतराम शर्मा (24 वर्ष), निवासी किला खंडारा, थाना गंज को दबिश देकर गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया।
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक नीरज पाल, उपनिरीक्षक इरफान कुरैशी, प्रधान आरक्षक मयूर तावरे, आरक्षक अनिरुद्ध, नवीन, गजानंद वाडिवा एवं मनोज की सराहनीय भूमिका रही।
पुलिस की अपील
पुलिस अधीक्षक ने नागरिकों, विशेषकर बच्चों और अभिभावकों से अपील की है कि सोशल मीडिया का उपयोग सावधानीपूर्वक करें, किसी के दबाव या प्रलोभन में आकर निजी फोटो या वीडियो साझा न करें। यदि कोई व्यक्ति ऑनलाइन ब्लैकमेल करे या अश्लील सामग्री वायरल करने की धमकी दे, तो तत्काल निकटतम पुलिस थाना, डायल 112, राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 या साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं। पुलिस शिकायतकर्ता की पहचान गोपनीय रखते हुए त्वरित कानूनी कार्रवाई करेगी।
#Hamdard News ## Betul,Multai
## local News
