मुलताई। ताप्ती नगरी मुलताई के लिए गर्व का क्षण है। नगर के ताप्ती वार्ड निवासी विनय पवार ने देश की प्रतिष्ठित संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) द्वारा आयोजित केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (CAPF) सहायक कमांडेंट (Assistant Commandant) परीक्षा में ऑल इंडिया रैंक (AIR) 159 प्राप्त कर न केवल अपने परिवार, बल्कि पूरे मूलतापी नगर और बैतूल जिले का नाम रोशन किया है। UPSC CAPF (AC) परीक्षा देश की सबसे चुनौतीपूर्ण प्रतियोगी परीक्षाओं में मानी जाती है, जिसके माध्यम से BSF, CRPF, CISF, ITBP और SSB जैसे केंद्रीय अर्धसैनिक बलों में सहायक कमांडेंट का चयन किया जाता है।
विनय पवार, पिता मोहन पवार, एक सामान्य परिवार से हैं। उनकी प्रारंभिक शिक्षा मुलताई के शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय से हुई। इसके बाद उन्होंने भोपाल में उच्च शिक्षा प्राप्त की और अपने अनुशासित अध्ययन, दृढ़ संकल्प तथा अथक मेहनत के बल पर प्रथम प्रयास में यह उल्लेखनीय सफलता अर्जित की।
विनय की इस उपलब्धि से नगरवासियों में हर्ष का माहौल है। उनके परिवार, मित्रों, शुभचिंतकों एवं माँ ताप्ती ब्रिगेड मूलतापी ने उन्हें हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। उनकी सफलता आज के युवाओं के लिए यह संदेश है कि सीमित संसाधनों के बावजूद मेहनत, लगन और आत्मविश्वास के दम पर देश की सर्वोच्च प्रतियोगी परीक्षाओं में भी सफलता प्राप्त की जा सकती है।
