मुलताई। विकास खण्ड प्रभात पट्टन में ग्राम शेरगढ़ के पास निर्मित वर्धा जलाशय को नहर से सिंचाई सुविधा देने की मांग ग्राम आष्टा, अमरावती घाट, रायआमला, चरूड़, मंगोनाखुर्द, गोपालतलाई के किसानों द्वारा सतत रूप से की जा रही है इस मांगा को लेकर ग्राम आष्टा के किसान धरना प्रदर्शन भी कर चुके हैं। किसानों द्वारा नहर की सुविधा देने की मांग अब विधान सभा में भी पहुंच चुकी है विधायक सुखदेव पांसे ने विधान सभा में सवाल के माध्यम से इस मांग से जल संसाधन मंत्री को अवगत कराया है। श्री पांसे ने वर्धा जलाशय की नहर से ग्राम आष्टा, रायआमला, अमरावती घाट, मंगोनाखुर्द, चरूड़, गोपालतलाई के किसानों को सिंचाई सुविधा देना प्रस्तावित होने के संबंध में जल संसाधन मंत्री से सवाल किया है। साथ ही रायआमला और बघोड़ा के बीच जुनापानी नाले पर डेम बनाने की योजना के संबंध में भी जल संसाधन मंत्री से जानकारी मांगी है। गौरतलब है कि वर्धा डेम की नहर से ग्राम बघोड़ा के किसानों को सिंचाई सुविधा दी जा रही है किन्तु बघोड़ा से मात्र 3-4 किलोमीटर के दायरे में स्थित ग्राम आष्टा, अमरावतीघाट, रायआमला, मंगोनाखुर्द के किसानों को नहर की सुविधा से वंचित कर दिया गया है। इन परिस्थितियों में किसान वर्धा डेम की नहर से या कोई और वैकल्पिक जल परियोजना के माध्यम से फसलों की सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध कराने की मांग कर रहे हैं। श्री पांसे बताया कि किसानों की सिंचाई सुविधा के लिए वह सतत प्रयासरत है।

