कोरोना वैक्सीनेशन के नाम पर ठगी:कांस्टेबल के खाते से उड़ गए 3 लाख रुपए। पुलिस ने जारी किया अलर्ट।
ठगों ने शत्रुघन के मोबाइल पर मैसेज किया, जिसमें दिए लिंक पर क्लिक करते ही पीड़ित का मोबाइल हैक हो गया और उसके खाते से 3 लाख रुपए कट गए। थोड़ी देर बाद जब आरक्षक को पैसे कटने का मैसेज आया तो उसके होश उड़ गए। पीड़ित आरक्षक शिकायत लेकर बैंक पहुंचा लेकिन हड़ताल के चलते किसी ने उसकी नहीं सुनी।
इसके बाद पीड़ित ने साइबर सेल रीवा में मामला दर्ज करवाया। इस घटना के बाद बुधवार शाम विशेष शाखा पुलिस भोपाल ने एडवाइजरी जारी की है।
रीवा में एक आरक्षक के खाते से रुपए निकलने की शिकायत आई थी, जिसकी खोजबीन की जा रही है। ऑनलाइन फ्रॉड से अनजान आरक्षक से साइबर ठगों ने सभी प्रकार की जानकारी ली होगी, जिसे उसने शेयर कर दिया। इसके चलते खाते से करीब तीन लाख रुपए ट्रांसफर हो गए। यहां का साइबर सेल थाना जबलपुर लगता है, जैसे ही आगे की जानकारी आएगी दी जाएगी। हमारी अपील है कि सभी लोग साइबर क्राइम की घटनाओं से सर्तक रहें, किसी भी लिंक पर क्लिक न करें।
-वीरेन्द्र पटेल, निरीक्षक साइबर सेल प्रभारी रीवा
हमारे यहां कोई ऐसी शिकायत नहीं आई है। ज्यादातर लोग साइबर क्राइम पर जिला पुलिस द्वारा स्थिापित साइबर सेल के पास शिकायत लेकर जाते हैं।
-जगदीश सिंह, थाना प्रभारी बिछिया
साइबर क्राइम से बचने की अपील
पीएचक्यू से जारी एडवाइजरी में कहा गया, कोरोना वैक्सीन लगवाने के लिए रजिस्ट्रेशन या अन्य किसी कारण अगर कोई अंजान व्यक्ति संपर्क करता है तो उसके खाते में पैसा ट्रांसफर न करें, उसके द्वारा भेजी गई किसी लिंक पर क्लिक न करें और न ही कोई एप्लीकेशन अपने मोबाइल में डाउनलोड करें, वैक्सीनेशन के लिए रजिस्ट्रेशन के लिए सीधे नजदीकी स्वस्थ केंद्र में संपर्क करें।


