मध्यप्रदेश के उमरिया जिले के मानपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत छपरौड़ गांव में मोबाइल चार्ज करने के दौरान पॉवर बैंक के अचानक फट जाने से युवक की मौत हो गई। गांव में अचानक हुए इस हादसे के बाद दहशत का माहौल है। ग्रामीण मोबाइल और पॉवर बैंक की गुणवत्ता को लेकर भयभीत हैं।
ग्रामीणों ने बताया कि शुक्रवार सुबह छपरौड़ गांव निवासी लगभग 30 साल के रामसहेल पाल पिता पप्पू पाल पॉवर बैंक से मोबाइल चार्ज कर रहे थे। अचानक पॉवर बैंक ब्लास्ट हो गया। रामसहेल पॉवर बैंक से मोबाइल चार्ज कर रहा था और हाथ में रखा था तभी अचानक ब्लास्ट हो गया। हादसे के बाद युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
टूट गई छत की सीमेंट सीट
छपरौड़ गांव में मोबाइल चार्ज करने के दौरान पॉवर बैंक ब्लास्ट होने से युवक की मौत मामले की जांच मानपुर पुलिस ने शुरू कर दी है। थाना प्रभारी वर्षा पटेल ने बताया कि इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस फटने से हादसा हुआ। ब्लास्ट इतना तेज था कि घर की छत की सीमेंट सीट टूट गई। मोबाइल भी क्षतिग्रस्त हुआ है। मौके से मोबाइल के पार्टस मिले हैं। पुलिस ने मर्ग कायम कर पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।


