Humdard HDN latest hindi news updates mp.
After taking seven rounds, the bride ran away by jumping from the roof in the night. Married to the mother of a 15-year-old boy by taking 90 thousand rupees from Divyang.
गोरमी में 4 लोगों ने शादी के नाम पर दिव्यांग से 90 हजार रुपए ठग लिए। गिरोह में महिला भी शामिल है। आरोपियों ने रुपए लेकर शादीशुदा महिला से विवाह करवा दिया। फेरे, वरमाला और आशीर्वाद जैसी सभी रस्में हुईं। महिला शादी वाली रात ही दुल्हन के जोड़े में छत के रास्ते कूदकर भाग गई। बाहर सड़क पर पुलिस मिल गई। पुलिस ने उसे पकड़ लिया।
कचनार रोड वार्ड क्रमांक- 3 में रहने वाले सोनू (29) पुत्र रमेश चंद्र जैन एक पैर से दिव्यांग है। इस कारण उसकी शादी नहीं हो पा रही थी। उसके दूसरे भाइयों की गृहस्थी बस गई थी। सोनू अब तक कुंआरा था। साेनू का संपर्क ग्वालियर में समाधिया कॉलोनी के रहने वाले ऊदल खटीक से हुआ। ऊदल ने शादी के लिए एक लाख रुपए खर्च आने की बात कही। मोल-भाव के बाद 90 हजार रुपए में सौदा तय हुआ।
27 जुलाई को ऊदल तीन साथी जितेंद्र रत्नाकर निवासी जनकगंज, अरुण खटीक निवासी भितरवार और एक अन्य के साथ आए। इस दौरान वह 40 वर्षीय महिला अनीता को भी लाए। ऊदल 90 हजार रुपए लेकर चला गया। वहीं, अनीता और दो साथी वहीं रुक गए। इसके बाद दिनभर गाना-बजाना चला। शादी की रस्में पूरी की गईं। दोनों की शादी कर दी गई।
महिला ने युवकों को बताया भाई
अनीता ने जितेंद्र को अपना भाई और अरुण को रिश्तेदार बताया। दोनों ने कहा, हमें रात में रुकना है, सुबह चले जाएंगे। उन्होंने घर के बाहर सोने की इच्छा जताई। रात करीब 12 बजे अनीता ने सोनू से कहा, मेरी तबीयत ठीक नहीं है। छत पर जाना चाहती हूं। यह कहकर वो छत पर चली गई। इस दौरान सभी लोग सो रहे थे। अनीता छत के रास्ते टीन की चादर पर कूदकर उतरने लगी। वह नीचे सो रहे दो साथियों के साथ भागने की फिराक में थी। इसी दौरान गश्त कर रहे पुलिसकर्मियों ने उसे पकड़ लिया।
5 हजार रुपए में बनी थी एक दिन की दुल्हन
पूछताछ में अनीता ने पुलिस को बताया, वह पहले से शादीशुदा है। उसने पति से तलाक ले लिया। उसका 15 साल का बेटा भी है। उसे एक दिन की दुल्हन बनने के 5 हजार रुपए में सौदा तय हुआ। इसी तरह, 5-5 हजार मिलने की बात आरोपी जितेंद्र और अरुण द्वारा बताई जा रही हैं। थाना प्रभारी मनोज राजपूत का कहना है, गिरोह के दो युवक व महिला को पकड़ लिया है। दो आरोपी फरार हैं। ऊदल मास्टरमाइंड अभी फरार है।

