मुलताई में सेल्फी लेते समय ताप्ती सरोवर में गिरा मोबाइल, गोताखोरों ने दो मोबाइल निकालकर किया सबको हैरान
मुलताई। ताप्ती सरोवर में बुधवार को एक दंपति के लिए सेल्फी लेना उस समय परेशानी का कारण बन गया, जब जय स्तंभ के पास फोटो खींचते समय महिला का मोबाइल अचानक सरोवर में गिर गया। मोबाइल पानी में गिरते ही महिला घबरा गई और आसपास मौजूद लोगों से मदद की गुहार लगाने लगी। सूचना मिलते ही नगर पालिका द्वारा ताप्ती सरोवर पर तैनात गोताखोर निकेश कुरवाड़े अपने साथीयो और समाजसेवी पंकज साहू के साथ मौके पर पहुंचे। तभी दो गोताखोरों ने बिना देर किए सरोवर में गोता लगाया और काफी तलाश के बाद महिला का मोबाइल सुरक्षित बाहर निकाल लिया। रेस्क्यू के दौरान गोताखोरों को सरोवर के भीतर एक और मोबाइल भी मिला, जिसे भी बाहर निकाल लिया गया। हालांकि दोनों मोबाइल पानी में रहने के कारण पूरी तरह भीग चुके थे। गोताखोरों ने मोबाइल मालिक को सलाह दी कि मोबाइल को तुरंत चालू करने की कोशिश न करें, बल्कि किसी मोबाइल रिपेयरिंग विशेषज्ञ को दिखाएं ताकि डेटा और डिवाइस को सुरक्षित रखा जा सके।दूसरे मोबाइल के मालिक की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। यदि किसी व्यक्ति का मोबाइल ताप्ती सरोवर में खोया हो, तो वह नगर पालिका या सरोवर पर तैनात गोताखोरों से संपर्क कर इसकी जानकारी प्राप्त कर सकता है। यह घटना सरोवर किनारे सेल्फी लेते समय सावधानी बरतने की भी सीख देती है।
## Hamdard News ## Multai
#local News

